भोपालमध्य प्रदेश

भोपाल के रचना टॉवर के बेसमेंट में भीषण आग: चार्जिंग पर लगे इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर में ब्लास्ट के बाद जल उठी SUV

भोपाल के रचना टॉवर के बेसमेंट में भीषण आग: चार्जिंग पर लगे इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर में ब्लास्ट के बाद जल उठी SUV

धुएं के गुबार से पूरी बिल्डिंग में मची अफरा-तफरी, दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद पाया काबू

भोपाल, यशभारत। राजधानी के पाश इलाके रचना नगर स्थित रचना टॉवर में सोमवार दोपहर उस वक्त बड़ा हादसा हो गया, जब बहुमंजिला इमारत के बेसमेंट में खड़ी गाड़ियों में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि उसने कुछ ही मिनटों में एक लग्जरी एसयूवी कार को भी अपनी चपेट में ले लिया। घटना के बाद पूरी बिल्डिंग में गाढ़ा काला धुआं भर गया, जिससे रहवासियों में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया गया।

चार्जिंग के दौरान भड़की चिंगारी
मौके पर मौजूद और शुरुआती जानकारी के अनुसार, हादसा सोमवार दोपहर करीब डेढ़ बजे का है। बेसमेंट में एक इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर (ई-स्कूटर) चार्जिंग पर लगा हुआ था। आशंका जताई जा रही है कि ओवरहीटिंग या शॉर्ट सर्किट के कारण ई-स्कूटर की बैटरी में अचानक ब्लास्ट हुआ और उसमें आग लग गई। देखते ही देखते लपटों ने विकराल रूप धारण कर लिया।

पास खड़ी कार धू-धू कर जली
जिस वक्त यह हादसा हुआ, उस समय ई-स्कूटर के पास ही कई अन्य वाहन भी पार्क थे। स्कूटर से उठी तेज लपटों ने पास ही खड़ी एक एसयूवी कार को अपनी चपेट में ले लिया। जब तक लोग कुछ समझ पाते, कार धू-धू कर जलने लगी। स्थानीय निवासियों ने शुरुआती स्तर पर खुद ही आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन लपटें इतनी तेज थीं कि उनके पास जाना भी असंभव हो गया था।

किलोमीटर दूर से दिखा धुएं का गुबार
आग लगने के कारण बेसमेंट और बिल्डिंग के ऊपरी हिस्सों में दमघोंटू धुआं भर गया। लोग डर के मारे अपने घरों से बाहर निकल आए। चूंकि बेसमेंट में वेंटिलेशन कम था, इसलिए आग का काला धुआं इतना घना था कि वह कई किलोमीटर दूर से ही आसमान में साफ दिखाई दे रहा था। इससे आसपास के पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई।

दमकल की मुस्तैदी से टला बड़ा हादसा
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम दमकल वाहनों के साथ मौके पर पहुंची। फायर फाइटर्स ने तुरंत मोर्चा संभाला और बेसमेंट में फैल रही आग को और आगे बढ़ने से रोका। दमकल कर्मियों की मुस्तैदी के कारण आग को अन्य वाहनों और बिल्डिंग के पिलर्स तक फैलने से रोक लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा होने से टल गया। पुलिस और प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंच गई है और आग लगने के सही कारणों की तकनीकी जांच की जा रही है। इस हादसे में वाहनों को भारी नुकसान पहुंचा है, हालांकि किसी जनहानि की खबर नहीं है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button