अधारताल में फर्नीचर कारखानों में भीषण आग लाखों-करोड़ों का नुकसान
जबलपुर, यश भारत

अधारताल में फर्नीचर कारखानों में भीषण आग लाखों-करोड़ों का नुकसान
जबलपुर, यश भारत। अधारताल थाना क्षेत्र में बीती रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब क्लासिक फर्नीचर और साहू फर्नीचर के कारखानों में अचानक भीषण आग लग गई। प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है, हालांकि वास्तविक कारणों की जांच अभी जारी है।
जानकारी के अनुसार, आग सबसे पहले क्लासिक फर्नीचर के कारखाने में देर रात करीब 4 बजे लगी, जो धीरे-धीरे फैलते हुए पास स्थित साहू फर्नीचर तक पहुंच गई। दोनों ही स्थानों पर लकड़ी से बने सोफे और अन्य फर्नीचर तैयार किए जाते थे, जिससे आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया।
दुकानदारों ने बताया कि सुबह जब उन्हें घटना की जानकारी मिली, तब तक आग काफी फैल चुकी थी। लकड़ी के भारी स्टॉक के कारण आग पर काबू पाना चुनौतीपूर्ण हो गया था। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की 7 से 8 गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया।
इस घटना में साहू फर्नीचर में करीब 10 लाख रुपये का नुकसान बताया जा रहा है, वहीं क्लासिक फर्नीचर में करोड़ों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। यह पूरा क्षेत्र अधारताल सब्जी मंडी के पीछे स्थित एक बड़ा औद्योगिक कारखाना क्षेत्र है, जहां कई फर्नीचर इकाइयां संचालित होती हैं।
फिलहाल पुलिस और फायर विभाग की टीम मामले की जांच में जुटी हुई है और आग लगने के सटीक कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है







