
बड़ा रेल हादसा टला, सिवनी–बैतूल स्पेशल ट्रेन के तीन डिब्बे हुए अलग
कोई जनहानि नहीं हुई और सभी यात्री सुरक्षित हैं।
छिंदवाड़ा। मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा में सोमवार सुबह एक बड़ा रेल हादसा होते-होते टल गया। छिंदवाड़ा जंक्शन से होकर गुजर रही सिवनी–बैतूल स्पेशल पैसेंजर ट्रेन के तीन डिब्बे अचानक इंजन से अलग हो गए, जिससे यात्रियों में हड़कंप मच गया।
जानकारी के मुताबिक ट्रेन सुबह करीब 8 बजे छिंदवाड़ा स्टेशन से बैतूल के लिए रवाना हुई थी। स्टेशन से कुछ ही दूरी पर स्थित चार फाटक के पास, जैसे ही ट्रेन ने रफ्तार पकड़नी शुरू की, तभी तेज धमाके की आवाज के साथ यात्रियों से भरे तीन डिब्बे इंजन से अलग हो गए। अचानक झटके और आवाज से ट्रेन में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और कई यात्री एहतियातन नीचे उतर आए।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि यदि यह घटना तेज गति में या कुछ दूरी आगे होती, तो बड़ा हादसा हो सकता था। सौभाग्य से ट्रेन की गति कम होने के कारण कोई जनहानि नहीं हुई और सभी यात्री सुरक्षित हैं।
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे के तकनीकी कर्मचारी और अधिकारी मौके पर पहुंचे। प्रारंभिक जांच में कपलिंग सिस्टम में तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है। करीब आधे घंटे तक ट्रेन मौके पर खड़ी रही। मरम्मत और सुरक्षा जांच के बाद डिब्बों को दोबारा जोड़ा गया और फिर ट्रेन को आगे के सफर के लिए रवाना कर दिया गया।







