पुलिस महकमे में बड़ी सर्जरी, 64 निरीक्षकों के तबादले; कई जिलों के बदले प्रभारी

पुलिस महकमे में बड़ी सर्जरी, 64 निरीक्षकों के तबादले; कई जिलों के बदले प्रभारी
भोपाल, यश भारत। मध्यप्रदेश पुलिस मुख्यालय ने प्रशासनिक व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से पुलिस निरीक्षकों और कार्यवाहक निरीक्षकों के व्यापक तबादले किए हैं। पुलिस स्थापना बोर्ड के अनुमोदन के बाद जारी इस आदेश में कुल 64 अधिकारियों को इधर से उधर किया गया है।
आदेश के मुताबिक, तबादला सूची में निरीक्षक और कार्यवाहक निरीक्षक स्तर के अधिकारियों के नाम शामिल हैं। इन अधिकारियों को भोपाल नगरीय, इंदौर नगरीय, ग्वालियर, रीवा, जबलपुर और नर्मदापुरम जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों और विशेष शाखाओं में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।
तबादला आदेश में स्पष्ट किया गया है कि स्थानांतरित अधिकारियों को राज्य सरकार की स्थानांतरण नीति 2025 के नियमों के तहत तत्काल प्रभाव से अपने नवीन पदस्थापना स्थल पर आमद देनी होगी। पुलिस मुख्यालय ने यह भी निर्देश दिए हैं कि यदि कोई अधिकारी वर्तमान में निलंबित है, तो उसे कार्यमुक्त नहीं किया जाएगा।
जिले के भीतर इन अधिकारियों को थाना या शाखा का प्रभार देने का निर्णय संबंधित जिले के पुलिस अधीक्षक द्वारा लिया जाएगा। यह फेरबदल प्रशासनिक दृष्टि से काफी अहम माना जा रहा है, क्योंकि इसमें कई ऐसे अधिकारी भी शामिल हैं जो लंबे समय से पुलिस मुख्यालय की विभिन्न शाखाओं में पदस्थ थे।
तबादलों की इस सूची को तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है और संबंधित पुलिस महानिरीक्षक व पुलिस उप महानिरीक्षक को अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।







