भोपाल

सब-जूनियर राष्ट्रीय हॉकी में मध्यप्रदेश का दम, महिला टीम फाइनल में – सेमीफाइनल में ओडिशा को 2–1 से हराया, 12 अप्रैल को झारखंड से खिताबी मुकाबला

सब-जूनियर राष्ट्रीय हॉकी में मध्यप्रदेश का दम, महिला टीम फाइनल में
– सेमीफाइनल में ओडिशा को 2–1 से हराया, 12 अप्रैल को झारखंड से खिताबी मुकाबला
भोपाल, यश भारत। 16वीं सब-जूनियर राष्ट्रीय हॉकी चैम्पियनशिप में मध्यप्रदेश की महिला टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में जगह बना ली है। रांची में खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले में टीम ने ओडिशा को 2–1 से पराजित कर खिताब की दावेदारी मजबूत कर दी। अब मध्यप्रदेश की टीम 12 अप्रैल को फाइनल में मेजबान झारखंड से भिड़ेगी।
मुकाबले की शुरुआत से ही मध्यप्रदेश की खिलाड़ियों ने आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया। टीम की ओर से पहला गोल नौसीन नाज़ ने किया, जिससे मध्यप्रदेश को शुरुआती बढ़त मिली। इसके बाद केशर ने दूसरा गोल दागकर टीम की स्थिति मजबूत कर दी। पूरे मैच के दौरान खिलाड़ियों ने शानदार तालमेल, संयम और रणनीतिक खेल का परिचय दिया, जिसके दम पर टीम ने जीत हासिल कर फाइनल का टिकट कटाया।
मध्यप्रदेश की खिलाड़ी स्नेहा दवाड़े को उनके शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया। उन्होंने मैदान पर बेहतरीन खेल दिखाते हुए टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। उनकी ऊर्जा और रणनीतिक खेल ने विपक्षी टीम पर लगातार दबाव बनाए रखा।
प्रदेश की महिला टीम में महक परिहार, साजेदा बेगम, शालिनी सिंह, रोली, स्नेहा दवाड़े, मानसी, प्रियंशी केश्त्रे, सुदीप्ता, नौसीन नाज़, केशर, गीता श्री, भाविका, जागृति, प्रियंशी भावर, आक्शा खान, सादफ खान, विभा सिंह और मुस्कान रघुवंशी जैसी प्रतिभाशाली खिलाड़ी शामिल हैं। इन खिलाड़ियों ने पूरे टूर्नामेंट में अनुशासन और उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन किया है।
वहीं दूसरी ओर बिहार के राजगीर में आयोजित 16वीं सब-जूनियर पुरुष राष्ट्रीय हॉकी चैम्पियनशिप में मध्यप्रदेश की पुरुष टीम भी दमदार खेल दिखा रही है। टीम में आयुष राजक, आयुष सिंह लोधी, अनिल शुक्ला, कप्तान अंश बाहुत्रा, अवि मणिकपुरी, अली गुफरान, रोनिन सिंह, सिद्धार्थ बेन, देवराज प्रजापत, करण गौतम, रायन उल हक, दीपक सिंह, गाजी खान, हर्षित धोटे, जितेन्द्र कहार, आजाद सुल्तानी, कुणाल कावरे और नंदू सिंह शामिल हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button