खितौला डकैती कांड – आरोपियों का सुराग लगाने में एक्टिव हुई पांच टीम
एसडीओपी कार्यालय के सामने कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने की नारेबाजी

जबलपुर यश भारत। गत दिवस खितौला के इसाफ स्मॉल फाइनेंस बैंक में हुई डकैती की सनसनीखेज वारदात को घटित हुए इतना समय बीत जाने के बाद भी आज सुबह 12:00 बजे तक पुलिस के हाथ कोई महत्वपूर्ण सुराग आरोपियों के संबंध में नहीं लग पाए थे। हालाकी पुलिस की पांच टीम सीसीटीवी फुटेज और दूसरे माध्यमों से आरोपियों तक पहुंचाने की कवायद में लगी है। सुबह जब थाना प्रभारी खितौला अर्चना जाट से संपर्क किया गया तो उन्होंने कि आरोपियों को पकडऩे के लिए पुलिस के प्रयास लगातार जारी हैं और कुछ क्लू भी मिले हैं जिनके आधार पर पुलिस आगे बढ़ रही है। इधर दूसरी तरफ आज सुबह स्थानीय कांग्रेसजन सुबह 10:30 बजे घटना को लेकर एसडीओपी कार्यालय पहुंचे तो उन्हें वहां ताला लगा मिला इसके बाद आक्रोशित होकर कांग्रेसजनों ने एसडीओपी कार्यालय के सामने ही नारेबाजी शुरू कर दी। जिसके कारण काफी देर तक गहमागहमी का माहौल भी निर्मित रहा।
पुलिस ने बनाए चेक पॉइंट
सिहोरा के खितौला में सोमवार की सुबह पांच बदमाशों ने कट्टे की नोक पर स्मॉल फायनेंस बैंक (इसाफ बैंक) को लूट लिया। बदमाशों ने बैंक के स्टांग रूम खुलवाया था और उसमें रखे 12 किलो सोना और नकदी पर हाथ मारा। प्रारंभिक जानकारी यह मिल रही है कि बदमाशों में चार बैंक के अंदर गए थे और उनका एक साथी बैंक के बाहर पहरेदारी कर रहा था। आरोपियों की पकड़ के लिए सभी थानों को सूचना भेज दी है। जगह-जगह चैक प्वाइंट बना दिए गए हैं।
हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरे भी खंगाल रही पुलिस
आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस घटनास्थल से लेकर हाईवे में भी जहां-जहां सीसीटीवी कैमरे लगे हैं उनके फुटेज खंगालने में लगी है। पुलिस का दावा है कि वह जल्द ही आरोपियों तक पहुंच जाएगी।
जिले की सबसे बड़ी घटना बनी पुलिस के लिए चुनौती
गत दिवस खितौला में हुई यह घटना जानकारी के अनुसार जिले की अब तक की डकैतियों में सबसे बड़ी घटना है इसके पहले भी अनेक अनेक इस तरह की घटनाएं हुई हैं लेकिन इस घटना ने पुलिस के लिए एक बड़ी चुनौती पेश कर दी है साथ ही पुरानी घटनाओं की यादों को भी ताजा कर दिया है। यदि पूर्व में जिले में हुई बड़ी घटनाओं पर नजर डाली जाए तो इससे पहले 21 अप्रैल 2015 को चौथा पुल के पास रहने वाली लिज्जत पापड़ की संस्थापिका पुष्पा बेरी के घर 20 लाख की डकैती हुई थी इसके बाद 14 मई2016 को शराब कारोबारी राम अवतार गुप्ता की नेपियर टाउन स्थित घर में भी इसी तरह की घटना सामने आई थी इसके अलावा संजीवनी नगर में रहने वाले अधिवक्ता हर्षवर्धन शुक्ला नेपियर टाउन निवासी अग्रवाल कलर लैब के संचालक निखिल अग्रवाल वहीं इसी क्षेत्र के रहने वाले स्पेयर पार्ट्स कारोबारी दलबीर सिंह टूटे जावा उनकी पत्नी पर जानलेवा हमला कर 15 तोला सोने की जेवर लूट लिए गए थे। लेकिन यह सभी घटनाएं खितौला की तुलना में छोटी थी।

आईजी और एसपी पहुंचे खितौला, मौके पर किया निरीक्षण
खितौला क्षेत्र में हुई वारदात के बाद पुलिस प्रशासन ने जांच में पूरी ताकत झोंक दी है। सोमवार को पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) प्रमोद वर्मा स्वयं घटनास्थल पहुंचे और मौके का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने सभी पुलिस टीमों को विशेष टास्क सौंपते हुए निर्देश दिया कि हर उपलब्ध सुराग पर त्वरित और सटीक कार्रवाई की जाए।आईजी वर्मा के साथ पुलिस अधीक्षक (एसपी) भी आज घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों और विवेचना में जुटी टीमों से विस्तृत जानकारी ली। एसपी ने कहा कि जांच पूरी गंभीरता से की जा रही है और जो भी क्लू मिल रहे हैं, उन पर तत्काल कार्रवाई कीजा रही है।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अब तक कई अहम सुराग हाथ लगे हैं और विवेचना तेज गति से आगे बढ़ रही है। उम्मीद जताई जा रही है कि शीघ्र ही मामले में महत्वपूर्ण सफलता हासिल होगी।







