भोपालमध्य प्रदेश

कटनी: भाजपा पिछड़ा वर्ग मंडल अध्यक्ष की गोली मारकर हत्या

कटनी: भाजपा पिछड़ा वर्ग मंडल अध्यक्ष की गोली मारकर हत्या
नकाबपोश बदमाशों ने दिनदहाड़े दिया वारदात को अंजाम
​ भोपाल, यशभारत। मध्य प्रदेश के कटनी जिला स्थित कैमोर नगर में मंगलवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब भाजपा पिछड़ा वर्ग मंडल अध्यक्ष नीलेश रजक की अज्ञात नकाबपोश बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। घटना सुबह करीब 11 बजे बैंक ऑफ बड़ौदा के पास हुई, जब रजक अपनी बाइक से बाजार जा रहे थे।
​दिनदहाड़े फायरिंग, सीने में लगी गोली
​प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक बाइक पर सवार दो नकाबपोश बदमाश आए और उन्होंने भाजपा नेता नीलेश रजक पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली सीधे उनके सीने में लगी, जिससे वह लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े। आनन-फानन में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
​सीसीटीवी फुटेज बना अहम सुराग
​पुलिस के अनुसार, यह पूरी वारदात पास ही लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में दोनों हमलावर गोली मारकर भागते हुए स्पष्ट दिखाई दे रहे हैं। पुलिस ने फुटेज को कब्जे में लेकर आरोपियों की पहचान और तलाश शुरू कर दी है। एसडीओपी वीरेंद्र बारवे ने बताया कि हत्या की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है, लेकिन केस दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें रवाना कर दी गई हैं।
​परिजनों का प्रदर्शन, PM करने से इनकार
​इस निर्मम हत्या के बाद क्षेत्र में तनाव व्याप्त है। मृतक नीलेश रजक, जो पिछले 18 वर्षों से भाजपा से जुड़े थे और विधायक संजय सत्येंद्र पाठक के करीबी माने जाते थे, के परिजनों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर शव का पोस्टमार्टम (PM) करने से इनकार कर दिया है। परिजन और स्थानीय लोग कैमोर अस्पताल के बाहर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। मौके पर मौजूद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी उन्हें समझाने का प्रयास कर रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button