खेड़ापति मंदिर में अष्टमी पर हुआ कन्या पूजन

खेड़ापति मंदिर में अष्टमी पर हुआ कन्या पूजन
भोपाल, यश भारत । चैत्र नवरात्रि की अष्टमी तिथि पर गोविंदपुरा इंडस्ट्रियल एरिया स्थित इमली वाली माता खेड़ापति मंदिर में श्रद्धा और भक्ति के साथ कन्या पूजन का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे और विधि-विधान से कन्याओं का पूजन किया। भक्तों ने कन्याओं को मां दुर्गा का स्वरूप मानकर उनके चरण पूजे, तिलक लगाया और आरती उतारी। इसके बाद कन्याओं को सम्मानपूर्वक बैठाकर भोजन कराया गया तथा उपहार और प्रसाद भी भेंट किए गए। मंदिर परिसर में पूरे दिन भक्तिमय वातावरण बना रहा और माता रानी के जयकारों से माहौल गूंजता रहा।
मंदिर समिति के सदस्यों ने बताया कि चैत्र नवरात्रि के दौरान प्रतिदिन विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। अष्टमी के दिन कन्या पूजन का विशेष महत्व माना जाता है, इसलिए श्रद्धालुओं ने बड़ी आस्था और उत्साह के साथ इस परंपरा का पालन किया।







