
जबलपुर, यश भारत। सुबह 11 बजे से नगर निगम परिसर स्थित पं. भवानी प्रसाद तिवारी सभा कक्ष में साधारण सम्मिलन की बैठक शुरू हुई। अपर आयुक्त व्ही.एन. बाजपेयी ने बैठक की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि आज के एजेंडे में पेंशनर्स को महंगाई राहत, भूखण्ड आवंटन निरस्त करने, लीज नवीनीकरण, महापुरुषों के नाम पर मार्गों का नामकरण, फ्लाईओवर क्षतिपूर्ति राशि, सोलर पॉवर प्लांट लगाने और टर्मिनेशन ऑर्डर जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा तय की गई है।
बैठक की कार्यवाही सामान्य ढंग से आगे बढ़ रही थी, तभी विपक्षी पार्षदों ने डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन और टैक्स वसूली में अव्यवस्था को लेकर सवाल उठाए। सफाई व्यवस्था पर भी विपक्ष ने जमकर आवाज उठाई। देखते ही देखते सदन का माहौल गरमा गया और नारेबाजी शुरू हो गई।
स्थिति बिगड़ती देख विपक्षी पार्षद नेता प्रतिपक्ष अमरीश मिश्रा के नेतृत्व में धरने पर बैठ गए। दूसरी ओर सत्ता पक्ष ने विरोध के बीच सदन से वॉकआउट कर दिया। माहौल इतना तनावपूर्ण हो गया कि बैठक की कार्यवाही रोकनी करनी पड़ी।समाचार लिखे जाने तक नगर निगम सभा कक्ष में विपक्षी पार्षद लगातार धरने पर डटे हुए थे और उनकी मांग थी कि सफाई और टैक्स कलेक्शन में हुई गड़बड़ियों पर तत्काल कार्रवाई की जाए।







