दिल्ली में अंतरराष्ट्रीय हथियार तस्करी रैकेट का भंडाफोड़, चीन और तुर्की निर्मित हाई-टेक वेपन्स का जखीरा जब्त

नई दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में अपराध शाखा ने एक बड़े अंतरराष्ट्रीय हथियार तस्करी रैकेट का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से चीन और तुर्की में बने हाई-टेक वेपन्स का एक बड़ा जखीरा जब्त किया है।पुलिस के अनुसार, बरामद किए गए ये अत्याधुनिक हथियार पाकिस्तान से ड्रोन के माध्यम से भारत में तस्करी करके लाए गए थे।
गैंगस्टरों को होनी थी हथियारों की सप्लाई
क्राइम ब्रांच की शुरुआती जांच में यह खुलासा हुआ है कि हथियारों की इस खेप को कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई और बंबीहा गैंग के अलावा गोगी और हिमांशु भाऊ गैंग जैसे अन्य आपराधिक गिरोहों तक पहुँचाया जाना था। इन हथियारों की तस्करी पंजाब के रास्ते भारत में की गई थी।
रोहिणी में बिछाया गया जाल
क्राइम ब्रांच को विशिष्ट इनपुट मिला था कि कुछ तस्कर राजधानी में हथियारों की एक बड़ी डिलीवरी करने वाले हैं। इस सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए, पुलिस टीम ने दिल्ली के रोहिणी इलाके में जाल बिछाया और चार तस्करों को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपी उत्तर प्रदेश (UP) और पंजाब के रहने वाले हैं।
पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में आधुनिक हथियार जब्त किए हैं और अब इस पूरे अंतरराष्ट्रीय तस्करी नेटवर्क के अन्य लिंक्स और फंडिंग की गहन जांच कर रही है, जिसके तार सीधे तौर पर पाकिस्तान से जुड़े हुए बताए जा रहे हैं। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच की इस कार्रवाई को अंतरराष्ट्रीय आपराधिक नेटवर्क के खिलाफ एक बड़ी सफलता माना जा रहा है।







