हिमाचल प्रदेश के चंबा में रावी नदी में गिरी कार,इंटर्न डॉक्टर की मौत
एक छात्रा लापता,बचाव कार्य ज़ारी

हिमाचल,एजेंसी। हिमाचल के चंबा जिले में चंबा-पठानकोट एनएच हाईवे-3 पर परेल घार के पास एक तेज रफ्तार कार दुर्घटनाग्रस्त होकर रावी नदी में समा गई. इस हादसे में चंबा मेडिकल कॉलेज के एक इंटर्न डॉक्टर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक इंटर्न छात्रा नदी के तेज बहाव में बहकर लापता हो गई. हादसे में दो अन्य इंटर्न्स घायल हुए हैं.
पुलिस के अनुसार,रविवार तड़के 3 बजे एक बड़ा हादसा हुआ। परेल घार में एक स्विफ्ट कार रावी नदी में जा गिरी। कार में पंडित जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज चंबा के चार इंटर्न डॉक्टर सवार थे।शुरुआती जांच में सामने आया है कि कार तेज गति में थी और चालक का नियंत्रण खो जाने के कारण हादसा हो गया. हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, एनडीआरएफ, और स्थानीय लोगों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया.
हादसे में हमीरपुर के बड़सर गांव निवासी इंटर्न डाक्टर अखिलेश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि शिमला के रोहडू की रहने वाली इंटर्न इशिका नदी के तेज बहाव में बह गईं। शिमला के रिशांत और सोलन के दिव्यांक घायल हो गए। दोनों घायलों का मेडिकल कॉलेज चंबा में इलाज चल रहा है।







