भोपालमध्य प्रदेश

भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार रविंद्र जडेजा बने युवाओं की प्रेरणा

भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार रविंद्र जडेजा बने युवाओं की प्रेरणा
– रायसेन में सांसद खेल महोत्सव का भव्य समापन

भोपाल, यशभारत। रायसेन में आयोजित सांसद खेल महोत्सव भव्य समापन हुआ। समापन समारोह में केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल और भारतीय क्रिकेट टीम के ऑलराउंडर खिलाड़ी रवींद्र जडेजा शामिल हुए। समारोह में नेताओं और खिलाडय़िों ने खेलों को जीवन का अहम हिस्सा बताते हुए ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया। केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रवींद्र जडेजा के साथ खुले वाहन में मैदान का भ्रमण कर खिलाडिय़ों और दर्शकों का अभिवादन स्वीकार किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि “जडेजा यानी जज्बा, जुनून और जीत की पारी का जश्न।” उन्होंने कहा कि जो खिलाड़ी गेंदबाजी, बल्लेबाजी और फील्डिंग तीनों में उत्कृष्ट हो, वही सच्चा ऑलराउंडर होता है और वही युवाओं के लिए आदर्श बनता है।

हर गांव तक पहुंचेगी खेल संस्कृति
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि खेल महाकुंभ केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि आनंद, प्रेम और एकता का पर्व है। यह आयोजन 100 दिन पहले शुरू हुआ था, जिसमें 952 पंचायतों में प्रतियोगिताएं हुईं। पंचायत, मंडल और विधानसभा स्तर के मुकाबलों के बाद क्रिकेट और कबड्डी के महिला व पुरुष वर्ग के फाइनल खेले गए। लगभग एक लाख खिलाडय़िों ने इसमें भाग लिया। कहीं सास-बहू की टीम ने रस्साकशी की तो कहीं मां-बेटी ने मैदान में दम दिखाया। उन्होंने घोषणा की कि हर विधानसभा में आधुनिक खेल परिसर और हर गांव में खेल मैदान विकसित किए जाएंगे। रायसेन के अस्थायी स्टेडियम को स्थायी और आधुनिक बनाया जाएगा, ताकि यहां राज्य स्तरीय आयोजन हो सकें।

रायसेन किले तक बनेगा रोपवे
केन्द्रीय मंत्री ने रायसेनवासियों को बड़ी सौगात देते हुए बताया कि रायसेन किले तक रोपवे के लिए केंद्र सरकार से अनुमति मिल चुकी है। किले के ऊपर भव्य संग्रहालय बनेगा और सौंदर्यीकरण से पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।

शिक्षा, कोचिंग और रोजगार पर भी जोर
उन्होंने बताया कि इस वर्ष 10वीं और 12वीं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान पाने वाले विद्यार्थियों को ‘प्रेम सुंदर सम्मान’ से सम्मानित किया जाएगा। विदिशा, रायसेन और भैरूंदा में तीन निशुल्क ‘मामा कोचिंग क्लास’ शुरू होंगी। दिव्यांगजनों को मोटराइज्ड साइकिल दी जाएगी। रायसेन में मेडिकल कॉलेज और किसान कुंभ व किसान मेले के आयोजन की भी जानकारी दी गई।

खेलों से बदली प्रदेश की तस्वीर
विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि वर्ष 2003 से पहले मध्यप्रदेश में खेलों की स्थिति कमजोर थी, लेकिन शिवराज सिंह चौहान के मुख्यमंत्री रहते खेल एकेडमियों और मैदानों का विकास हुआ। सांसद खेल महोत्सव ने गांवों की प्रतिभाओं को मंच और मैदान दिया है। उन्होंने कहा कि 100 दिनों तक गांवों में खेल का माहौल बना रहना बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए बेहद जरूरी है।

खेल जीवन का अहम हिस्सा
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि खेल से तन और मन दोनों स्वस्थ रहते हैं। खेल मैदान ऐसा स्थान है, जहां जाति, धर्म और वर्ग का भेद मिट जाता है। बच्चों को पढ़ाई के साथ कम से कम एक खेल जरूर अपनाना चाहिए, खासकर पिछड़े और जनजातीय क्षेत्रों में खेलों को बढ़ावा देना जरूरी है।

रोमांचक फाइनल मुकाबले
खेल महोत्सव के फाइनल में क्रिकेट और कबड्डी के मुकाबले बेहद रोमांचक रहे। समारोह में खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग सहित विदिशा-रायसेन संसदीय क्षेत्र के विधायक और अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
यह आयोजन न सिर्फ खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का मंच बना, बल्कि रायसेन को आदर्श जिला बनाने की दिशा में एक मजबूत कदम भी साबित हुआ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button