ठंड का बढ़ता असर, तापमान में लगातार गिरावट

जबलपुर, यशभारत। उत्तर भारत के पहाड़ी क्षेत्रों में हुई बर्फबारी और उत्तर-पश्चिमी हवाओं के प्रभाव से जबलपुर में ठंड का एहसास लगातार बढ़ रहा है। स्थानीय मौसम कार्यालय के प्रभारी डीके तिवारी ने बताया कि अगले तीन-चार दिनों तक यह ठंड बनी रहने की संभावना है।मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार शुक्रवार सुबह न्यूनतम तापमान 14.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि गुरुवार को यह 18.2 डिग्री और बुधवार को 18.3 डिग्री था। हवाओं की दिशा उत्तर-पश्चिमी होने की वजह से ठंडी हवाओं का असर शहर में महसूस किया जा रहा है। तिवारी ने बताया कि उत्तरी भारत में हुई बर्फबारी का असर स्थानीय मौसम पर भी दिखाई दे रहा है। इसके चलते सुबह और शाम के समय ठंड का एहसास और बढ़ गया है। लोग गर्म कपड़े पहनकर और चाय, कॉफी जैसी गर्म पेय सामग्री लेकर खुद को ठंड से बचाने की कोशिश कर रहे हैं।
मौसम विभाग ने आम जनता को सलाह दी है कि सर्दी और कोहरे के चलते सुबह-शाम वाहन चलाते समय सावधानी बरती जाए। वहीं किसानों को भी फसल और पानी की निकासी पर ध्यान देने के निर्देश दिए गए हैं।
विशेषज्ञों का कहना है कि दिसंबर के पहले सप्ताह तक यह ठंड बना रह सकती है, इसके बाद उत्तर-पश्चिमी हवाओं के असर में थोड़ी राहत मिल सकती है।







