भोपाल में ऑनलाइन जॉब का झांसा देकर 11 लाख की ठगी, इंस्टाग्राम रील देख फंसी महिला!

भोपाल में ऑनलाइन जॉब का झांसा देकर 11 लाख की ठगी, इंस्टाग्राम रील देख फंसी महिला!
भोपाल,यशभारत। राजधानी में एक महिला को ऑनलाइन जॉब का लालच देकर जालसाजों ने उसके बैंक खाते से 11 लाख रुपये उड़ा दिए। ठगों ने पहले छोटे-छोटे टास्क देकर भरोसा जीता और फिर टास्क फेल बताकर बड़ी रकम जमा करवा ली। यह पूरा मामला कोलार थाना क्षेत्र का है।
कैसे हुआ फर्जीवाड़ा?
कोलार क्षेत्र की रहने वाली महिला ऑनलाइन जॉब की तलाश में थीं। कुछ सप्ताह पहले इंस्टाग्राम पर एक ‘वर्क फ्रॉम होम’ का विज्ञापन देखकर उन्होंने विज्ञापन पर क्लिक किया, जिसके बाद एक वेबसाइट खुली। वेबसाइट पर दिए गए नंबर पर संपर्क करने पर, महिला को अलग-अलग टेलीग्राम चैनलों से जोड़कर ऑनलाइन काम दिया गया। शुरुआत में महिला को बहुत आसान टास्क दिए गए, जिन्हें सफलतापूर्वक पूरा करने पर उसे 100-200 रुपए का भुगतान किया गया। इससे उसे लगा कि यह काम भरोसेमंद है। विश्वास होने पर महिला ने टास्क पूरे करने वाला ऐप डाउनलोड कर लिया। इसके बाद जैसे ही वह बड़े टास्क करने लगी, उसे बताया गया कि टास्क पूरा नहीं हुआ है और अपनी मूल राशि वापस पाने के लिए उसे अधिक पैसे जमा करने होंगे। महिला जालसाजों के झांसे में आकर किसी न किसी बहाने से पैसे जमा करती गई। जब उसके लगभग 50,000 रुपए फंस गए, तो उसने टास्क करना बंद कर दिया।
खाते से 11 लाख पार
टास्क लगाना बंद करने के कुछ दिनों बाद जब दीपा ने अपने बैंक खाते की जाँच की, तो उनके होश उड़ गए। उनके खाते से कुल 11 लाख रुपये अलग-अलग खातों में ट्रांसफर हो चुके थे।
पीड़ित महिला की शिकायत के बाद, भोपाल साइबर क्राइम सेल ने अज्ञात जालसाजों के खिलाफ आईटी एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस फिलहाल इस गिरोह की पहचान करने और उन्हें पकड़ने के लिए जाँच कर रही है।







