भोपाल

समय रहते उपचार मिल जाता तो बच सकती थी बीटेक छात्र की जान -स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर छात्र पर अज्ञात बदमाशों ने चाकू से किया था हमला

समय रहते उपचार मिल जाता तो बच सकती थी बीटेक छात्र की जान
-स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर छात्र पर अज्ञात बदमाशों ने चाकू से किया था हमला
-पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कर रही आरोपियों की तलाश
भोपाल, यशभारत।
राजधानी के देहात क्षेत्र के बिलखिरिया थाना इलाके में स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर स्कूटी सवार बदमाशों ने एक बीटेक छात्र पर चाकू से हमला कर दिया था। हमले के बाद घायल छात्र को उसके दोस्त बाइक से तीन निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। लेकिन उसे तीनों अस्पतालों से रेफर कर दिया गया। इस दौरान चाकू लगने से आई गहरी चोट से लगातार खून बहता रहा। अगर तीनों अस्पतालों में से किसी एक अस्पताल में छात्र को उपचार मिल जाता या फिर किसी अच्छे अस्पताल भेजने के लिए उसकी मदद की जाती तो छात्र की जान बच सकती थी। इधर, पुलिस अज्ञात हमलावरों की तलाश कर रही है। पुलिस को एक सीसीटीवी कैमरेकी फुटेज मिली है, जिसमें वारदात के ठीक पहले और बाद में एक स्कूटी पर सवार दो युवक दिखाई दिए हैं।

थाना प्रभारी उमेश सिंह चौहान ने बताया कि मूलत: छिंदवाड़ा निवासी नीतेश चंद्रवंशी(22) कोकता मल्टी के पास कियाए के मकान में रहता था। वह एक निजी कॉलेज से बीटेक की पढ़ाई करने के साथ कल्याणपुर में स्थित एक वॉर फैक्ट्री में नौकरी भी करता था। गुरूवार रात करीब 11.40 बजे वह फैक्ट्री से लौटते वक्त बायपास रोड पर उतरा और पैदल अपने कमरे पर जा रहा था। तभी कोकता मल्टी के पास स्कूटी सवार दो बदमाशों ने पीछे से आकर उसकी पीठ पर पेट में चाकू से हमला कर दिया। इसके बाद आरोपी वहां से फरार हो गए। घायल छात्र ने अपने दोस्त प्रशांत वासनिक को कॉल कर बुलाया। इसके बाद प्रशांत ने अपने एक अन्य दोस्त की मदद से घायल नीतेश को बेसुध हालत में रात करीब डेढ़ बजे हमीदिया अस्पताल पहुंचाया। जहां पर डॉक्टरों ने उसे चेक करने पर मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है।

सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई स्कूटी:-
थाना प्रभारी चौहान ने बताया कि हत्या की वारदात करीब 11.40 बजे हुई है। घटना स्थल से 50 मीटर दूर तक छात्र पैदल चला था, जिससे रास्ते में खून के निशान मिले हैं। घटना की जांच-पड़ताल के दौरान बायपास के पास एक सीसीटीवी कैमरा मिला। जिसमें छात्र नितेश के पीछे करीब चालीस सेकेंड बाद एक स्कूटी पर दो युवक जाते हुए दिखाई दिए है। इसके बाद करीब दो मिनट बाद उक्त स्कूटी घटना स्थल से बायपास की ओर लौटती हुई नजर आई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है।

समय पर नहीं मिला उपचार, छात्र की गई जान:-
बीटेक छात्र नितेश की मौत में निजी अस्पतालों की भी लापरवाही सामने आई है। सूत्र बताते हैं कि बिलखिरिया थाना क्षेत्र के कोकता इलाके में छात्र पर हमला होने बाद उसके दोस्त प्रशांत व एक अन्य ने उसे बाइक से घटना स्थल के पास स्थित एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचा। जहां पर छात्र को खून से लतपथ देखने के बाद उसे वहां से दूसरे अस्पताल ले जाने का बोल कर चलता कर दिया। इसके बाद लगातार प्रशांत अपने घायल दोस्त नितेश को एक के बाद एक दो और अस्पताल लेकर पहुंचा। लेकिन तीनों अस्पतालों में न तो उसे वक्त पर उपचार मिला और न ही किसी अच्छे अस्पताल ले जाने के लिए एम्बूलेंस या अन्य कोई वाहन उपलब्ध कराया गया। इसके बाद घायल छात्र को उसके दोस्त रात करीब डेढ़ बजे हमीदिया अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि रात 11.40 बजे से देर रात 1.30 बजे के बीच अस्पतालों के चक्कर काटने के दौरान उसके शरीर से ज्यादा खून बह गया। इस कारण उसकी मौत हो गई। अगर दो घंटे के दौरान उसे किसी भी अस्पताल में वक्त रहते उपचार मिल जाता तो शायद उसकी जान बच सकती थी। इस पूरे मामले में निजी अस्पतालों की स्वास्थ्य सेवाओं पर भी सवाल खड़े होते हैं। अब देखना है कि क्या पुलिस हत्यारों के साथ-साथ इलाज न देने वाले निजी अस्पतालों पर भी कार्रवाई करेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button