आईएएस सर्विस मीट का समापन: 18 किमी साइकिल चलाकर अफसरों ने दिया फिटनेस का संदेश

आईएएस सर्विस मीट का समापन: 18 किमी साइकिल चलाकर अफसरों ने दिया फिटनेस का संदेश
38 मिनट में रेस जीतकर पारीकी पांडला प्रथम, 11 साल की अरण्य बनीं आकर्षण का केंद्र
भोपाल, यशभारत। राजधानी भोपाल में प्रशासनिक अधिकारियों की कार्यकुशलता के साथ उनके खेल कौशल और फिटनेस का संगम देखने को मिला। 19 दिसंबर से शुरू हुई तीन दिवसीय ‘आईएएस सर्विस मीट’ का रविवार को उत्साहपूर्ण समापन हुआ। आखिरी दिन की शुरुआत 18 किमी लंबी साइक्लोथॉन से हुई, जिसमें अफसरों और उनके परिजनों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
अरेरा क्लब से वन विहार तक जमी अफसरों की टोली साइकिलिंग रैली की शुरुआत सुबह अरेरा क्लब से हुई। प्रतिभागी सीएम हाउस, वन विहार नेशनल पार्क और सैर सपाटा जैसे रास्तों से होते हुए वापस आयोजन स्थल पहुंचे। इस दौरान अफसरों ने न केवल अपनी शारीरिक क्षमता का प्रदर्शन किया, बल्कि पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।
विजेता के सम्मान में अधिकारियों ने लगाए पुश-अप्स प्रतियोगिता में पारीकी पांडला अक्षर ने जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए मात्र 38 मिनट में 18 किमी की दूरी तय कर पहला स्थान हासिल किया। उनकी इस उपलब्धि पर साथियों और वरिष्ठ अफसरों ने सम्मान स्वरूप मैदान पर ही पुश-अप्स लगाकर जीत का जश्न मनाया।
ये रहे साइक्लोथॉन के विजेता:
प्रथम: पारीकी पांडला अक्षर (38 मिनट)
द्वितीय: शिवराज सिंह वर्मा (एडिशनल कमिश्नर) एवं अभय सिंह (संयुक्त रूप से – 45 मिनट)
तृतीय: ईशान सुमन सिंह (47 मिनट)
नन्हीं अरण्य ने बटोरीं सुर्खियां इस आयोजन में 11 वर्षीय अरण्य चौहान ने भी 18 किमी की रेस पूरी की। वे इस इवेंट की सबसे कम उम्र की प्रतिभागी रहीं। आयोजकों के मुताबिक, इस वर्ष पिछले साल की तुलना में प्रतिभागियों की संख्या और उत्साह दोनों में बड़ी बढ़ोतरी देखी गई।
क्रिकेट और मनोरंजन का भी रहा तड़का सर्विस मीट के दौरान मुख्य सचिव अनुराग जैन भी खेल भावना में रमे नजर आए। उन्होंने क्रिकेट मैच के दौरान मैदान पर चौके-छक्के जड़े। इससे पहले बोट क्लब पर हुई रोइंग प्रतियोगिता और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में अधिकारियों ने गायन व नृत्य के जरिए अपनी कला का प्रदर्शन किया।
आज शाम होगी अवॉर्ड सेरेमनी आज आखिरी दिन अरेरा क्लब में बैडमिंटन, टेबल टेनिस, टग ऑफ वार (रस्साकशी), क्विज और चेस जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। शाम को समापन समारोह में मुख्य अतिथि द्वारा विजेता प्रतिभागियों और उनके हाउस को ट्रॉफी प्रदान की जाएगी।







