बिना टिकट लिए चढ़ रहे थे ट्रेन में, भरना पड़ा जुर्माना

बिना टिकट लिए चढ़ रहे थे ट्रेन में, भरना पड़ा जुर्माना
– अभियान के दौरान पकड़े गए यात्रियों से वसूले गए 59380 रुपए

भोपाल यशभारत। बिना टिकट के ट्रेन में सफर करने वाले लोगों पर जुर्माने की कार्रवाई रेल चेकिंग स्टॉफ ने की है। संत हिरदाराम नगर स्टेशन पर अभियान के दौरान सौ लोगों से पकड़ा गया जिनसे 59380 रुपए वसूल किए गए हैं। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ कटारिया के निर्देशन में भोपाल मंडल द्वारा अधिकृत यात्रियों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने तथा रेल राजस्व में वृद्धि करने लिए अभियान चलाया जा रहा है।
कटारिया ने बताया कि संत हिरदाराम नगर स्टेशन पर 8 मेल व एक्सप्रेस ट्रेनों में औचक टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान में 13 टिकट चेकिंग स्टाफ ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पर्यवेक्षक टिकट चेकिंग स्टॉफ की निगरानी में चलाए गए इस टिकट चेकिंग अभियान के दौरान स्टेशन के बाहर निकलने वाले रास्ते की घेराबंदी की गई, ताकि कोई भी यात्री बिना जांच के स्टेशन के बाहर न जा सकें।
आठ गाडिय़ों में चलाया गया अभियान
किला बंदी टिकट चेकिंग अभियान के दौरान संत हिरदाराम नगर स्टेशन पर आने-जाने वाली कुल 08 गाडिय़ों के यात्रियों के टिकट की जांच की गई। जांच के दौरान बिना टिकट यात्रा करने वाले कुल 68 यात्री पकड़े गए, अनुचित टिकट लेकर यात्रा करने वाले कुल 31 यात्री पाए गए व बिना बुक कराए सामान लेकर यात्रा कर रहे 01 यात्री पाए गए।
वरिष्ठ मण्डल वाणिज्य प्रबन्धक सौरभ कटारिया नें बताया कि यह अभियान यह सुनिश्चित करने के लिए चलाया गया कि सभी यात्री उचित टिकट के साथ यात्रा करें। अनियमित यात्राओं को रोकने से जहां रेल राजस्व में वृद्धि होती है, वहीं यह यात्रियों के लिए सुगम, सुरक्षित और स्वच्छ यात्रा करता है। साथ ही उन्होंने यात्रियों से अपील की है कि उचित टिकट लेकर ही यात्रा करें। प्रतिक्षा सूची ई-टिकट एवं प्लेटफार्म टिकट पर यात्रा करने की अनुमति नहीं है। प्लेटफॉर्म पर प्रवेश के लिए यात्रा टिकट या प्लेटफॉर्म टिकट होना आवश्यक है। यात्री वेबसाइट/एप का उपयोग कर स्वयं भी टिकट बुक कर सकते है।







