गुजरात की नई कैबिनेट का गठन,हर्ष सांघवी बने उपमुख्यमंत्री
नई कैबिनेट में 26 मंत्रियों ने शपथ ली,रिवाबा की सरप्राइज एंट्री

गुजरात,एजेंसी। गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने शुक्रवार को 19 विधायकों को मंत्रियों के तौर पर शामिल कर मंत्रिपरिषद में फेरबदल किया और गृह राज्य मंत्री हर्ष संघवी को उपमुख्यमंत्री बनाया. इसी के साथ पटेल समेत मंत्रिपरिषद में शामिल कुल नेताओं की संख्या 26 हो गई है. गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने नए मंत्रियों के साथ-साथ उन नेताओं को भी पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई, जिन्हें कैबिनेट मंत्री का दर्जा दिया गया है और राज्य मंत्रियों से राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) बनाया गया है. इसके साथ ही कांग्रेस की गुजरात इकाई के पूर्व अध्यक्ष अर्जुन मोढवाडिया ने राज्य कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ ली. मोढवाडिया अब भाजपा में शामिल हो गए हैं.
रिवाबा जडेजा को शामिल किया जाना आश्चर्यजनक
सूरत शहर के मुजारा विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले संघवी ने उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली. वह अब तक गृह राज्य मंत्री थे. संघवी और भूपेंद्र पटेल के नेतृत्व वाले पिछले मंत्रिमंडल का हिस्सा रहे पांच अन्य विधायक मंत्रिपरिषद में बने हुए हैं. सभी 16 मंत्रियों ने हालांकि बृहस्पतिवार को इस्तीफा दे दिया था, लेकिन इन छह मंत्रियों के इस्तीफे मुख्यमंत्री ने स्वीकार नहीं किए इन छह में से तीन – कनुभाई पटेल, ऋषिकेश पटेल और कुंवरजी बावलिया – पहले कैबिनेट मंत्री थे, जबकि संघवी, प्रफुल्ल पानसेरिया और पुरुषोत्तम सोलंकी राज्य मंत्री थे. इनमें से केवल संघवी और पानसेरिया ने शुक्रवार को दोबारा शपथ ली. संघवी को उपमुख्यमंत्री और पानसेरिया को राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) बनाया गया. मंत्रिपरिषद में शामिल किए गए 19 विधायकों में जीतू वाघाणी, अर्जुन मोढवाडिया और मनीषा वकील शामिल हैं. राज्य मंत्री के रूप में भारतीय क्रिकेटर रवींद्र जडेजा की पत्नी रिवाबा जडेजा को शामिल किया जाना आश्चर्यजनक कदम है

गुजरात के नये मंत्री ये बने
नए मंत्रिमंडल में भारतीय क्रिकेटर रविंद्र जडेजा की पत्नी रिवाबा जडेजा को भी शामिल किया गया है. मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के अलावा त्रिकम बिजल छंगा, स्वरूपजी सरदारजी ठाकोर, प्रवीण माली, ऋषिकेश पटेल, पीसी बरंडा, दर्शना वाघेला, कांतिलाल अमृतिया, कुंवरजीभाई बावलिया, रिवाबा जडेजा, अर्जुन मोढवाडिया, डॉ. प्रद्युम्न वाजा, कौशिक वेकारिया, परषोत्तम सोलंकी, जीतेंद्र वाघाणी, रमण सोलंकी, कमलेश पटेल, संजय सिंह महीडा, रमेश कटारा, प्रफुल पानसेरिया, हर्ष संघवी, मनीषा वकील और ईश्वर सिंह पटेल का नाम नए मंत्रियों की लिस्ट में शामिल है…







