
मुंबई में यश भारत का भव्य लोकार्पण,
धार्मिक विधि-विधान के साथ कार्यक्रम जारी
मुंबई, यश भारत। लोकप्रिय समाचार पत्र यश भारत के मुंबई कॉर्पोरेट कार्यालय का लोकार्पण आज मुंबई में भव्य एवं आध्यात्मिक वातावरण के बीच शुरू हो गया है। अंधेरी (पूर्व) स्थित भारत रत्न, सीएफसी परिसर में आयोजित इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में देशभर से आए पत्रकार, सामाजिक कार्यकर्ता, संत समाज और गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित हैं।कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चार और विधिविधान के साथ पूजा-अर्चना से हुई। मंच पर द्वारका शारदा पीठ के शंकराचार्य सदानंद सरस्वती की उपस्थिति में विशेष पूजन संपन्न कराया जा रहा है। जैसे ही लोकार्पण की प्रक्रिया प्रारंभ हुई, पूरे पंडाल में यश भारत के जयघोष गूंज उठे।
इस अवसर पर ब्रह्मचारी सुबुद्धानंद, शंकराचार्य के निज सचिव, तथा राज्यसभा सांसद और वरिष्ठ अधिवक्ता विवेक कृष्ण तंखा मंचासीन हैं। सभी अतिथियों ने यश भारत के मुंबई विस्तार को हिंदी पत्रकारिता के लिए एक महत्वपूर्ण कदम बताया। कार्यक्रम स्थल पर भक्तिमय माहौल बना हुआ है। गुरु वंदना के पश्चात भजन, कीर्तन और संगीतमय प्रस्तुति का क्रम जारी है। प्रसिद्ध भजन प्रवाहक मनीष अग्रवाल द्वारा प्रस्तुत भजनों पर श्रद्धालु भावविभोर नजर आ रहे हैं। पूरा परिसर दीप, पुष्प और धार्मिक सजावट से सुसज्जित किया गया है।

यश भारत प्रबंधन द्वारा बताया गया कि मुंबई कॉर्पोरेट कार्यालय के शुभारंभ से देश की आर्थिक राजधानी में अखबार की उपस्थिति और अधिक सशक्त होगी। इससे न केवल मध्यप्रदेश बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर यश भारत की पत्रकारिता को नई दिशा मिलेगी।
कार्यक्रम में मुंबई सहित देश के विभिन्न शहरों से आए पत्रकार, बुद्धिजीवी, उद्योग जगत से जुड़े लोग और धर्मप्रेमी नागरिक शामिल हैं। समाचार लिखे जाने तक लोकार्पण समारोह एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम निरंतर जारी है और वातावरण पूर्णतः आध्यात्मिक एवं उत्सवमय बना हुआ है।







