देश

सोने के दामों ने तोड़े अब तक के सारे रिकॉर्ड

तेजी से बढ़ रही महंगाई

यशभारत। सोना और चांदी की कीमतों में जबरदस्त तेजी देखने को मिल रही है. गोल्ड की कीमत ने अब तक के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं. वहीं चांदी की कीमत पिछले 14 सालों में सबसे ज्यादा हो गई है. पुराने रिकॉर्ड को पीछे छोड़ते हुए अब COMEX पर गोल्ड 1.54 फीसदी बढ़कर सीधे 3570.40 डॉलर प्रति औंस पर आ गया. वहीं चांदी में 2.84 फीसदी का तगड़ा उछाल आया और चांदी की कीमत 41.34 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई.

गोल्ड और सिल्वर की कीमत में तेजी की सबसे बड़ी वजह

गोल्ड और सिल्वर की कीमत में तेजी की सबसे बड़ी वजह अमेरिकी केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व से ब्याज दरों में कटौती की उम्मीद है. फेड चेयरमैन जेरोम पॉवेल (Jerome Powell) ने हाल ही में संकेत दिया था कि दरों में कमी की संभावना बनी हुई है. इस हफ्ते आने वाली अमेरिका की नौकरियों की रिपोर्ट से भी श्रम बाजार की कमजोरी का संकेत मिलने की उम्मीद है, जिससे दरों में कटौती की संभावना और बढ़ सकती है. सोना और चांदी जैसे मेटल्स ब्याज नहीं देतीं, लेकिन ब्याज दरों में कटौती की स्थिति में इनका आकर्षण निवेशकों के लिए बढ़ जाता है.

इस साल 40 फीसदी से भी ज्यादा महंगी हुई चांदी

चांदी इस साल अब तक 40 फीसदी से ज्यादा चढ़ चुकी है और सोने से बेहतर प्रदर्शन किया है. इसका कारण यह है कि चांदी का इस्तेमाल निवेश के साथ- साथ औद्योगिक क्षेत्रों में भी होता है, खासकर सोलर पैनल जैसी टेक्नोलॉजी में. सिल्वर इंस्टीट्यूट के अनुसार, यह लगातार पांचवां साल होगा जब चांदी की मांग उसकी सप्लाई से ज्यादा रहेगी.

सोने-चांदी की कीमतों में बदलाव जारी हैं। अधिकांश रूख बढ़ोतरी की ओर है। इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (IBJA) की वेबसाइट के मुताबिक मंगलवार सुबह तक 24 कैरेट के सोने की कीमत बढ़कर 104493 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई, जबकि चांदी की कीमत बढ़कर 122800 रुपये प्रति किलो हो गई। यह चांदी का नया रिकॉर्ड है।

पिछले दिन क्या रहे सोने-चांदी के भाव

राष्ट्रीय राजधानी में सोने की कीमत सोमवार को 1,000 रुपये बढ़कर 1,05,670 रुपये प्रति 10 ग्राम के नये रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई। इस महीने अमेरिकी फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दर में कटौती की उम्मीद और विदेशी बाजारों में मजबूत मांग के चलते सोने की कीमतों में तेजी आई। यह लगातार छठा कारोबारी सत्र है जब सोने में तेजी रही। इसके साथ ही चांदी की कीमत भी 1,000 रुपये चढ़कर 1,26,000 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी करों सहित) के नए शिखर पर पहुंच गईं। अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार, 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना शनिवार को 1,000 रुपये बढ़कर 1,04,670 रुपये प्रति 10 ग्राम के रिकॉर्ड उच्च स्तर पर पहुंच गया था।

स्थानीय बाजार में, 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना सोमवार को 800 रुपये बढ़कर 1,04,800 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी करों सहित) के सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गया। पिछले बाजार सत्र में यह 1,04,000 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।इसके अलावा, चांदी की कीमत 1,000 रुपये बढ़कर 1,26,000 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी करों सहित) के नए शिखर पर पहुंच गईं। शनिवार को चांदी 6,000 रुपये की छलांग लगाकर 1,25,000 रुपये प्रति किलोग्राम के रिकॉर्ड स्तर पर पहुँच गई थी।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button