गांधी मेडिकल कॉलेज: पैरामेडिकल कोर्सेज में एडमिशन की तारीख बढ़ी, काउंसलिंग शेड्यूल भी बदला

गांधी मेडिकल कॉलेज: पैरामेडिकल कोर्सेज में एडमिशन की तारीख बढ़ी, काउंसलिंग शेड्यूल भी बदला
अंतिम तिथि 22 मई से बढ़ाकर 25 मई की गई, त्रुटि सुधार भी इसी तारीख तक होगा
भोपाल, यशभारत। राजधानी के गांधी चिकित्सा महाविद्यालय ने पैरामेडिकल पाठ्यक्रमों के शैक्षणिक सत्र 2025-26 में प्रवेश के लिए संशोधित कार्यक्रम जारी किया है। नए शेड्यूल के तहत अब इच्छुक अभ्यर्थी एमपी ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से 25 मई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन जमा कर सकेंगे। पूर्व में आवेदन करने की अंतिम तिथि 22 मई निर्धारित की गई थी, जिसे आगे बढ़ाया गया है।
कॉलेज प्रबंधन के अनुसार, ऑनलाइन आवेदन में त्रुटि सुधार की आखिरी तारीख भी 25 मई ही तय की गई है। आवेदन की तिथि आगे बढ़ने के कारण काउंसलिंग के विभिन्न चरणों की संभावित तारीखों में भी बदलाव किया गया है। नए शेड्यूल के अनुसार प्रथम चरण की काउंसलिंग 1 जून से 7 जून तक आयोजित की जाएगी। इसके बाद द्वितीय चरण की काउंसलिंग 11 जून से 12 जून तक और मॉप अप राउंड 16 जून को होगा। प्रवेश से जुड़ी विस्तृत जानकारी और अन्य दिशा-निर्देशों के लिए अभ्यर्थी कॉलेज की आधिकारिक वेबसाइट www.gmcbhopal.net पर विजिट कर सकते हैं।







