
भारतीपुर में दुर्गा स्वीट्स पर खाद्य सुरक्षा विभाग का छापा, गंदगी और कॉकरोच मिले
जबलपुर, यश भारत। फ़ूड सेफ्टी डिवीज़नल फ्लाइंग स्क्वाड टीम ने भारतीपुर स्थित दुर्गा स्वीट्स कारखाने पर जब जांच की, तो वहां की हालत बेहद खराब पाई गई। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने देखा कि गंदगी, कीटों और कॉकरोचों के बीच मिष्ठान्न तैयार किया जा रहा था, साथ ही दीवारों पर जमी मैल और धूल साफ नजर आ रही थी। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने बताया कि परिसर में स्वच्छता मानकों का गंभीर उल्लंघन मिला है। टीम के अनुसार, जहां मिठाइयाँ बनाई जाती हैं, वहीं कॉकरोच घूमते मिले, जिससे खाद्य उत्पादों के दूषित होने की संभावना बढ़ जाती है। अधिकारियों ने तत्काल प्रभाव से उत्पादन प्रक्रिया रोकने के निर्देश दिए हैं।
टीम ने सैंपल लेकर लैब जांच के लिए भेजे हैं, जिनकी रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। विभाग का कहना है कि छठवीं बार की जा रही इस विशेष जांच अभियान में लगातार ऐसे प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई की जा रही है, जहाँ स्वच्छता नियमों का पालन नहीं होता।







