घरेलू गैस सिलेंडरों के अवैध इस्तेमाल पर खाद्य विभाग की कार्रवाई, 35 सिलेंडर जब्त

घरेलू गैस सिलेंडरों के अवैध इस्तेमाल पर खाद्य विभाग की कार्रवाई, 35 सिलेंडर जब्त
न्यू मार्केट और जहांगीराबाद क्षेत्र में चली छापेमारी; रिफिलिंग अड्डों और होटलों पर हड़कंप
भोपाल, यशभारत। राजधानी भोपाल में घरेलू गैस सिलेंडरों के व्यावसायिक उपयोग और अवैध रिफिलिंग के खिलाफ खाद्य विभाग ने कमर कस ली है। जिला आपूर्ति नियंत्रक चंद्रभान सिंह जादौन के नेतृत्व में विभाग की विशेष टीमों ने शुक्रवार को न्यू मार्केट और जहांगीराबाद जैसे व्यस्त इलाकों में बड़ी कार्रवाई की। इस दौरान अवैध भंडारण और परिवहन के मामले में कुल 35 गैस सिलेंडर जब्त किए गए।
रिफिलिंग पॉइंट और टी-स्टॉल पर दबिश
खाद्य विभाग की टीम ने जहांगीराबाद के शब्बन चौराहा स्थित जमील टी स्टॉल पर दबिश दी। यहाँ घरेलू गैस सिलेंडर का उपयोग व्यावसायिक काम के लिए किया जा रहा था। टीम ने संचालक नवेद अहमद से एक घरेलू सिलेंडर जब्त किया। इसके अलावा, मुस्कान इलेक्ट्रिकल्स में घरेलू गैस को छोटे स्थानीय सिलेंडरों में अवैध रूप से भरते (रिफिलिंग) हुए पाया गया। यहाँ से संचालक साकिब उर्फ कासिम के पास से 3 घरेलू, 1 व्यावसायिक और 1 स्थानीय छोटा सिलेंडर बरामद किया गया।
30 व्यावसायिक सिलेंडर से भरा वाहन जब्त
बड़ी कार्रवाई शब्बन चौराहा पर खड़े एक गैस डिलीवरी वाहन पर हुई। जांच के दौरान वाहन में 30 भरे हुए व्यावसायिक सिलेंडर पाए गए। वाहन चालक जुबैर इन सिलेंडरों से जुड़े वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका, जिसके बाद टीम ने वाहन सहित सभी सिलेंडरों को मौके पर ही जब्त कर लिया।
एजेंसियों की भी हुई जांच
विभाग ने न्यू मार्केट स्थित आर के गैस एजेंसी (भदभदा रोड) के विरुद्ध मिली शिकायतों के आधार पर वहां के स्टॉक रजिस्टर और कर्मचारियों के रिकॉर्ड की सघन जांच की।
इनका कहना है…
घरेलू गैस के अवैध उपयोग और असुरक्षित रिफिलिंग को रोकने के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं। यह अभियान शहर के विभिन्न क्षेत्रों में निरंतर जारी रहेगा ताकि कालाबाजारी और अवैध भंडारण पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके।
चंद्रभान सिंह जादौन, जिला आपूर्ति नियंत्रक, भोपाल







