
लोकल ट्रेन में झगड़ा, सायन स्टेशन पर तीन यात्री ट्रैक पर गिरे
मुंबई, यश भारत मुंबई के सायन रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार सुबह पीक आवर के दौरान यात्रियों के बीच हुए झगड़े में तीन यात्री संतुलन बिगड़ने से ट्रैक के पास गिर गए। घटना सुबह करीब 10 बजे की है, जब छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (सीएसएमटी) की ओर जाने वाली स्लो लोकल सायन स्टेशन से रवाना हो ही रही थी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ यात्रियों के बीच कहासुनी और धक्का-मुक्की के दौरान तीन पुरुष अपना संतुलन नहीं संभाल सके और ट्रैक के किनारे गिर पड़े। सूचना मिलते ही कंट्रोल रूम ने सुरक्षा के मद्देनज़र दोनों दिशाओं से आने-जाने वाली ट्रेनों को रोकने के लिए करीब 8–9 मिनट तक बिजली आपूर्ति बंद कर दी।
केंद्रीय रेलवे के एक अधिकारी ने बताया, “सूचना मिलते ही तुरंत पावर बंद कर दी गई ताकि किसी भी दिशा से ट्रेन प्रवेश न करे और तीनों को सुरक्षित निकाला जा सके।” अधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि सायन एक नॉन-ऑपरेटिंग स्टेशन है, जहां स्टेशन मास्टर तैनात नहीं रहता।
आधिकारिक बयान के मुताबिक, सीएसएमटी-बाउंड और कल्याण-बाउंड दोनों ट्रैकों पर ओवरहेड इक्विपमेंट अस्थायी रूप से बंद किया गया। घायल यात्रियों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।
रेलवे पुलिस ने घायलों की पहचान अफजल चौधरी (36), निवासी गोवंडी; सचिन विश्वकर्मा (21), निवासी नालासोपारा; और जैनिल सैय्यद (25), निवासी कुर्ला के रूप में की है। तीनों को सायन स्थित लोकमान्य तिलक नगर निगम सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अस्पताल सूत्रों के अनुसार, अफजल की हालत गंभीर है और पेट व हाथ में गंभीर चोटों के चलते उनकी सर्जरी की जा रही है। जैनिल के हाथ और कमर के पास फ्रैक्चर हैं, जबकि सचिन के चेहरे की हड्डियों में फ्रैक्चर हुआ है। घटना के चलते कुछ समय के लिए लोकल ट्रेन सेवाएं प्रभावित रहीं, हालांकि बाद में स्थिति सामान्य कर दी गई।






