भोपालमध्य प्रदेश

शादी का झांसा देकर मंगेतर ने किया दुष्कर्म, फिर 15 लाख की दहेज के लिए तोड़ा रिश्ता

शादी का झांसा देकर मंगेतर ने किया दुष्कर्म, फिर 15 लाख की दहेज के लिए तोड़ा रिश्ता

भोपाल, यशभारत। राजधानी के स्टेशन बजरिया थाना क्षेत्र में एक युवती के साथ धोखे और शोषण का मामला सामने आया है। सगाई के बाद शादी का भरोसा दिलाकर मंगेतर ने युवती के साथ शारीरिक संबंध बनाए और बाद में 15 लाख रुपये की दहेज की मांग पूरी न होने पर शादी से इनकार कर दिया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी मंगेतर के खिलाफ दुष्कर्म और उसके माता-पिता के खिलाफ दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज किया है।

होटल ले जाकर बनाए संबंध, लोन लेकर दिए रुपए
पुलिस के अनुसार, पीड़िता का रिश्ता अप्रैल 2025 में दिल्ली निवासी देवेंद्र के साथ तय हुआ था। सगाई के बाद आरोपी देवेंद्र का भोपाल आना-जाना शुरू हो गया। आरोप है कि वह युवती को घुमाने के बहाने होटल ले गया और शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया।
रिश्ता पक्का होने के बाद आरोपी पक्ष ने अचानक 15 लाख रुपये दहेज की मांग रख दी। युवती ने रिश्ता बचाने की खातिर बैंक से लोन लेकर करीब 3 लाख 88 हजार रुपये आरोपी के खाते में जमा भी कराए, लेकिन लालची पक्ष 15 लाख की जिद पर अड़ा रहा और अंततः रिश्ता तोड़ दिया।

दिल्ली दबिश देगी पुलिस
जब युवती को अहसास हुआ कि उसके साथ धोखाधड़ी हुई है, तो उसने परिजनों के साथ थाने पहुंचकर आपबीती सुनाई। स्टेशन बजरिया थाना पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है।
थाना प्रभारी का कहना है कि आरोपी परिवार दिल्ली में निवास करता है। केस दर्ज कर लिया गया है और साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम जल्द ही दिल्ली रवाना होगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button