सीएम हाउस घेराव पर अड़े किसान, प्रशासन से वार्ता बेनतीजा, स्कूलों की छुट्टी

सीएम हाउस घेराव पर अड़े किसान, प्रशासन से वार्ता बेनतीजा, स्कूलों की छुट्टी
भोपाल, यश भारत । मूंग की शत-प्रतिशत सरकारी खरीदी और खाद वितरण व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर राजधानी पहुंचे करीब दो हजार किसान मंगलवार रात होशंगाबाद रोड पर डटे रहे। देर रात किसान प्रतिनिधियों और प्रशासन के बीच करीब एक घंटे तक चली वार्ता किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंच सकी। प्रशासन द्वारा आंदोलन समाप्त कर सरकार को एक सप्ताह का समय देने का प्रस्ताव किसानों ने ठुकरा दिया।
संयुक्त किसान मोर्चा के सदस्य एवं किसान स्वराज संगठन के प्रदेश अध्यक्ष गजेंद्र सिंह जाट ने कहा कि जब तक मांगों पर ठोस निर्णय नहीं होता, आंदोलन जारी रहेगा। किसानों ने बुधवार सुबह मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने का ऐलान किया है।
आंदोलन और प्रस्तावित घेराव को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। होशंगाबाद रोड, एम्स चौराहा, बंसल प्लाजा और कटारा हिल्स रोड पर यातायात प्रभावित रहा, जबकि नर्मदापुरम रोड पर ट्रैफिक डायवर्ट करना पड़ा। स्थिति को देखते हुए नर्मदापुरम रोड से लगे कुछ निजी स्कूलों ने एहतियातन अवकाश घोषित कर दिया। मुख्यमंत्री आवास की ओर जाने वाले मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर बैरिकेडिंग की गई है। किसानों के रुख को देखते हुए बुधवार को राजधानी में स्थिति पर सभी की नजरें टिकी हैं।







