एआई के फर्जीवाड़े से बनाई फर्जी आईडी, पुलिसकर्मी बन होटल में ठगे 70 हजार

एआई के फर्जीवाड़े से बनाई फर्जी आईडी, पुलिसकर्मी बन होटल में ठगे 70 हजार
भोपाल, यशभारत। राजधानी भोपाल के पिपलानी क्षेत्र में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का आपराधिक इस्तेमाल और पुलिस की फर्जी पहचान बनाकर अवैध वसूली करने का एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। पिपलानी स्थित एक होटल के कमरे में ठहरे युवक-युवती को कानूनी कार्रवाई का डर दिखाकर एक गिरोह ने करीब 70 हजार रुपये ऐंठ लिए। गिरोह के सदस्यों ने अपनी पहचान छिपाने और होटल में कमरा बुक कराने के लिए बाकायदा चेटजीटीपी का इस्तेमाल कर फर्जी पहचान पत्र लतैयार किए थे।
इस सनसनीखेज वारदात का खुलासा होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मास्टरमाइंड की तलाश जारी है।
सादे कपड़ों में कमरे में घुसे, बनाया खौफ
पुलिस के अनुसार, यह घटना बीते 3 अगस्त की शाम पिपलानी स्थित एक होटल में घटी। बरखेड़ी खुर्द निवासी युवक अपनी महिला मित्र के साथ होटल के कमरे में मौजूद था। इसी दौरान सादे कपड़ों में चार लोग अचानक कमरे में दाखिल हुए और खुद को पुलिसकर्मी बताया। आरोपियों ने युवक को गंभीर मामले में फंसाने और पुलिसिया कार्रवाई की धमकी देकर डर का माहौल बनाया। घबराए युवक से आरोपियों ने मौके पर ही ऑनलाइन माध्यम से करीब 60 से 70 हजार रुपये अपने खातों में ट्रांसफर करवा लिए। घटना के 4-5 दिन बाद पीड़ित ने हिम्मत जुटाकर पिपलानी थाने में मामले की शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस महकमे से कनेक्शन, खाटू श्याम भाग गई थी महिला
तकनीकी जांच में जब फर्जी दस्तावेजों के लिए चेटजीटीपी के इस्तेमाल की बात सामने आई तो पुलिस के भी होश उड़ गए। जांच में एक और अहम मोड़ तब आया जब गिरफ्तार आरोपी रघुवीर गोयल का कनेक्शन पुलिस महकमे से निकला। रघुवीर की पत्नी पुलिस विभाग में हवलदार के पद पर तैनात है। पुलिस अब इस कोण से भी पड़ताल कर रही है कि क्या आरोपियों ने पुलिस की कार्यप्रणाली को समझने के लिए इस विभागीय संपर्क का फायदा उठाया।
मामले में पुलिस ने अबूजर, रघुवीर गोयल और करुणा शाही को गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला करुणा वारदात के बाद खाटू श्याम भाग गई थी, जिसे पुलिस टीम ने भोपाल रेलवे स्टेशन से घेराबंदी कर पकड़ा। गिरोह का मास्टरमाइंड यावर खान फिलहाल फरार है।






