देश

LoC के पास धमाका: उरी सेक्टर में सेना के दो जवान बलिदान, जांच जारी

कमलकोट सेक्टर में विस्फोट

श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के बारामूला जिले के उरी सेक्टर में नियंत्रण रेखा (LoC) के निकट हुए एक विस्फोट में भारतीय सेना के दो जवान बलिदान हो गए। यह घटना कमलकोट क्षेत्र में हुई, जहां ड्यूटी के दौरान धमाके में दोनों सैनिक गंभीर रूप से घायल हो गए थे।

बलिदान हुए जवानों की पहचान महाराष्ट्र निवासी अर्जुन जाधव और विक्रम बालकृष्ण के रूप में हुई है। दोनों 8 राष्ट्रीय राइफल्स से संबद्ध थे। घायल जवानों को तत्काल श्रीनगर स्थित बादामीबाग सैन्य अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली।

सेना ने जवानों के बलिदान पर गहरा शोक व्यक्त किया है। अधिकारियों के अनुसार, दोनों जवानों के पार्थिव शरीर को पूरे सैन्य सम्मान के साथ उनके पैतृक गांव भेजा जाएगा। फिलहाल विस्फोट के कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।

गौरतलब है कि जम्मू-कश्मीर में नियंत्रण रेखा पर सेना लगातार घुसपैठ, आतंकी गतिविधियों और सीमा पार से होने वाली चुनौतियों से निपटने के लिए मुस्तैद रहती है। सुरक्षा एजेंसियां इस घटना के हर पहलू की गहनता से जांच कर रही हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button