जनविश्वास अभियान में बिजली अधिकारियों ने किया मैदानी दौरा, 79 शिकायतों का निराकरण
मीटर बदलने के कार्य का किया निरीक्षण

जबलपुर,यशभारत। जनविश्वास अभियान के तहत विद्युत विभाग के अधिकारियों ने शुक्रवार को शहर के विभिन्न क्षेत्रों में मैदानी दौरा कर उपभोक्ताओं की समस्याओं का मौके पर निराकरण किया। मुख्य अभियंता एसके गिरिया के नेतृत्व में अधिकारियों ने उपभोक्ताओं को विभागीय योजनाओं की जानकारी देने के साथ नए बिजली कनेक्शन, खराब मीटर बदलने और अन्य विद्युत संबंधी कार्य कराए।
अधीक्षण अभियंता (शहर) संजय अरोरा ने बताया कि विजयनगर संभाग के गणेशनगर क्षेत्र स्थित अवैध कॉलोनी में शिविर लगाया गया। यहां करीब 50-60 रहवासियों को शासन की विद्युतीकरण योजना की जानकारी दी गई। बताया गया कि 15,567 रुपए की एकमुश्त राशि जमा करने पर 11 केवी लाइन, एलटी केबल और ट्रांसफार्मर सहित विद्युतीकरण का खर्च विद्युत कंपनी वहन करेगी और स्थाई कनेक्शन दिया जाएगा।
वहीं ‘सुगम विद्युत (सुविधा) योजना’ के तहत प्राक्कलन की 25 प्रतिशत राशि जमा कर शेष राशि दो वर्ष में मासिक किस्तों के रूप में बिजली बिल के साथ जमा करने की सुविधा भी दी जा रही है। मुख्य अभियंता ने दक्षिण संभाग के गुलौआ चौक में नवीन कनेक्शन तथा पश्चिम संभाग में खाटूश्याम मंदिर के पास खराब मीटर बदलने के कार्य का निरीक्षण किया। अभियान के दौरान 79 सीएम हेल्पलाइन शिकायतों, पांच जनसुनवाई प्रकरणों का निराकरण, पांच नए कनेक्शन जारी करने तथा 25 खराब मीटर बदलने की कार्रवाई की गई।







