कटनीजबलपुरमध्य प्रदेश

नामांकन के बाद दोनों वार्डों गर्माएगी चुनावी तासीर

कांग्रेस प्रत्याशी कल तो भाजपा उम्मीदवार परसों भर सकते हैं पर्चे

WhatsApp Icon
Join Yashbharat App

दो वार्डों में उपचुनाव की सरगर्मी

कटनी। नगर निगम सीमा में शामिल दो वार्डों के उपचुनाव को लेकर दोनों दलों के चेहरे सामने आ जाने के बाद अब चुनावी बिसात बिछ चुकी हैं। नामांकन जमा करने की आखिरी तारीख 22 दिसम्बर हैं। जानकारी के मुताबिक कांग्रेस के प्रत्याशी कल और भाजपा के उम्मीदवार शुभ मुहूर्त में परसों एक साथ नामांकन दाखिल करेंगे। नामांकन के साथ ही दोनों वार्डों में चुनावी सरगर्मी बढ़ जाएगी।

भाजपा की प्रदेश महामंत्री एवं सम्भागीय प्रभारी कविता पाटीदार द्वारा की गई घोषणा के अनुसार महात्मा गांधी वार्ड के लिए सचिन सोनू बहरे तथा डॉ राजेन्द्र प्रसाद वार्ड के लिए पार्टी के सक्रिय कार्यकर्ता लव साहू को प्रत्याशी बनाया गया है। कांग्रेस ने महात्मा गांधी वार्ड से निवर्तमान पार्षद सन्दीप यादव की मां पूर्व पार्षद जानकी यादव को मैदान में उतारा है। राजेन्द्र प्रसाद वार्ड में पार्टी के पास इष्तयाक अहमद से बेहतर चेहरा नही था, लिहाजा उन्हें ही फिर से मैदान में उतार दिया गया गया है। भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक सोनी टण्डन ने बताया कि दोनों उम्मीदवारों को सक्रियता के आधार पर टिकट दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि 22 जनवरी को सभी वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में दोनों प्रत्याशी अपने पर्चे दाखिल करेंगे। पता चला है विधानसभा सत्र की वजह से जिले के चारों विधायक अभी राजधानी भोपाल में हैं। सम्भवतः परसो तक विधायकगण भी कटनी आ जाएंगे। इनकी उपस्थिति में दोनो प्रत्याशी नामांकन भरेंगे। इसके साथ भाजपा के प्रचार अभियान का श्रीगणेश हो जाएगा। भाजपा जिलाध्यक्ष के मुताबिक दोनों वार्डों को जीतने के लिए नेताओं की टीम बनाई जा रही है। चुनाव प्रभारी की नियुक्ति से लेकर जनसंपर्क और प्रचार अभियान का दायित्व भी सौंपा जा रहा है। विधानसभा चुनाव में जिले की चारों सीटें जीतने और प्रदेश में पार्टी की सरकार बनने से वैसे भी भाजपा कार्यकर्ता उत्साहित हैं। उधर कांग्रेस के दोनों उम्मीदवार जानकी यादव और इष्तयाक अहमद कल 21 दिसम्बर को नामांकन दाखिल कर सकते हैं। जिला कांग्रेस शहर के अध्यक्ष विक्रम खम्परिया के मुताबिक दोनों प्रत्याशी पीसीसी से मिले निर्देशों के मुताबिक एक साथ पर्चा दाखिल करेंगे। कांग्रेस शहर अध्यक्ष ने दावा किया है कि दोनों वार्ड कांग्रेस जीतेगी। दरअसल पार्टी विधानसभा चुनाव में मिली हार के बाद से मायूस है। कार्यकर्ता हताशा के भंवर में हैं, ऐसे में कटनी शहर में दो वार्डों के उपचुनाव उसके लिए ऑक्सीजन का काम कर सकते हैं। महात्मा गांधी वार्ड में पार्टी अपना कब्जा बरकरार रखने के लिए लड़ेगी जबकि राजेन्द्र प्रसाद वार्ड में पिछले चुनाव में कांग्रेस को महज 2 वोट से हार मिली थी। इस बार इस वार्ड में भी पार्टी कोई कसर बाकी नही रखना चाहती। जानकारी के मुताबिक दोनों वार्डों में नेताओं और कार्यकर्ताओं की तैनाती कर पार्टी अपने प्रचार अभियान को धार देगी।

Related Articles

Back to top button