तेज रफ्तार वाहन ने बुजुर्ग को कुचला, अस्पताल में मौत

तेज रफ्तार वाहन ने बुजुर्ग को कुचला, अस्पताल में मौत
भोपाल, यशभारत। राजधानी के कोहेफिजा थाना इलाके में रविवार दोपहर एक सड़क हादसे में 70 वर्षीय बुजुर्ग की जान चली गई। एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बुजुर्ग को जोरदार टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया। गंभीर हालत में स्थानीय लोगों ने उन्हें हमीदिया अस्पताल पहुँचाया, जहाँ उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। इस पूरे मामले में पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं, क्योंकि घटना के तीन घंटे बाद तक पुलिस न तो मौके पर पहुँची और न ही अस्पताल।
काम से घर लौट रहे थे सखाराम
मिली जानकारी के अनुसार, वाजपेयी नगर मल्टी निवासी सखाराम कोचले (70) रविवार दोपहर अपने किसी निजी काम से कोहेफिजा अस्पताल के पास से गुजर रहे थे। वे पैदल ही अपने घर की ओर जा रहे थे, तभी एक अनियंत्रित वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि सखाराम सड़क पर लहूलुहान होकर गिर पड़े। राहगीरों ने तुरंत एम्बुलेंस और पुलिस को सूचना देने की कोशिश की, लेकिन देरी होता देख खुद ही उन्हें हमीदिया अस्पताल लेकर भागे।
पुलिस की संवेदनहीनता: 3 घंटे तक नहीं पहुँचा कोई जिम्मेदार
हादसे के बाद कोहेफिजा पुलिस की बड़ी लापरवाही सामने आई है। प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों का आरोप है कि दोपहर में हुई इस घटना की जानकारी के बावजूद करीब तीन घंटे तक कोई भी पुलिसकर्मी न तो घटनास्थल का मुआयना करने पहुँचा और न ही अस्पताल में मृतक के संबंध में जानकारी जुटाने आया। इस देरी के कारण टक्कर मारने वाले वाहन का सुराग लगाने और साक्ष्य जुटाने में भी दिक्कतें आ रही हैं।






