तेज रफ्तार एमजी हेक्टर का कहर: शराबी चालक ने पुलिसकर्मी समेत 4 को रौंदा, 14 वर्षीय मासूम गंभीर
इनकम टैक्स के पास मचाया जमकर कोहराम

जबलपुर। शहर में एक बार फिर तेज रफ्तार का खौफनाक मंजर देखने को मिला। शनिवार देर रात करीब 12 बजे एक तेज रफ्तार एमजी हेक्टर कार ने नागराज चौक इनकम टैक्स के पास जमकर कोहराम मचाया। शराब के नशे में धुत चालक ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए पुलिसकर्मी सहित चार लोगों को टक्कर मार दी। हादसे में एक 14 वर्षीय मासूम बच्चा भी गंभीर रूप से घायल हो गया, जो मौके पर गुब्बारे बेच रहा था।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार भंवरताल गार्डन की ओर से तेज रफ्तार में आ रही थी। नागराज चौक पहुंचते ही चालक ने नियंत्रण खो दिया और सड़क किनारे खड़े लोगों को बेरहमी से रौंद दिया। इस दौरान दो कारों और लगभग 4-5 दोपहिया वाहनों को भी जोरदार टक्कर मारी गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।

घायलों को तत्काल उपचार के लिए शासकीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां कुछ की हालत नाजुक बताई जा रही है। घायल पुलिसकर्मी सहित अन्य लोगों का इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही ओमती थाना प्रभारी राजपाल सिंह बघेल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आरोपी चालक अनुराग सोनी को हिरासत में लेकर कार जब्त कर ली है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी शराब के नशे में वाहन चला रहा था। मौके पर मौजूद एडवोकेट मोहम्मद शफीक और उनके साथी एडवोकेट रेनॉल्ट ने बताया कि कार चालक ने तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण 14 वर्षीय मासूम सहित चार लोगों को कुचल दिया। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें कार की तेज रफ्तार साफ दिखाई दे रही है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। शहर में लगातार हो रही तेज रफ्तार और नशे में ड्राइविंग की घटनाओं ने एक बार फिर यातायात सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं







