देश

डॉक्टर की आंखों में मिर्च झोंककर 11 तोले का कड़ा लूटा

डॉक्टर की आंखों में मिर्च झोंककर 11 तोले का कड़ा लूटा

भोपाल,यशभारत। राजधानी के सबसे सुरक्षित माने जाने वाले वीआईपी क्षेत्र सीएम हाउस के समीप में बेखौफ बदमाशों ने दिनदहाड़े लूट की एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। बाइक सवार दो बदमाशों ने एक डॉक्टर को निशाना बनाते हुए न केवल उनके साथ लूटपाट की, बल्कि उन्हें गंभीर रूप से घायल भी कर दिया।

साइकिल को मारी टक्कर, कूल्हे की हड्डी टूटी
मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित डॉक्टर आज सुबह अपनी साइकिल से जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आए तेज रफ्तार बाइक सवार दो बदमाशों ने उनकी साइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। अचानक हुए इस हमले से डॉक्टर सड़क पर गिर पड़े, जिससे उनके कूल्हे की हड्डी में गंभीर चोट आई है।

मिर्च पाउडर का किया इस्तेमाल
डॉक्टर के जमीन पर गिरते ही बदमाशों ने उनके संभलने से पहले ही आंखों में मिर्च पाउडर झोंक दिया। जब डॉक्टर बेबस हो गए, तब आरोपियों ने उनके हाथ में पहना हुआ करीब 11 तोले सोने का भारी कड़ा जबरन निकाल लिया और मौके से फरार हो गए।

रेकी कर बनाई थी योजना
प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आ रही है कि बदमाशों ने इस वारदात को अंजाम देने से पहले डॉक्टर की गतिविधियों की रेकी की थी। उन्हें डॉक्टर के आने-जाने के समय और मार्ग की सटीक जानकारी थी, जिसके आधार पर सुनियोजित तरीके से इस घटना को अंजाम दिया गया।

फुटेज खंगाल रही टीमें
सीएम हाउस जैसे संवेदनशील इलाके के पास हुई इस वारदात ने पुलिस प्रशासन में हड़कंप मचा दिया है। सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि बदमाशों के भागने के मार्ग का पता लगाया जा सके। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी गिरफ्त में होंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button