देशभोपालमध्य प्रदेश

अप्सरा टॉकीज़ क्षेत्र में नाले की सफाई के बाद फैली गंदगी

अप्सरा टॉकीज़ क्षेत्र में नाले की सफाई के बाद फैली गंदगी
– सडक़ पर पड़ा कचरा नहीं उठा पाई नगर निगम, बदबू से लोग बेहाल
भोपाल यशभारत। शहर की स्वच्छता व्यवस्था पर सवाल खड़े करते हुए अप्सरा टॉकीज़ क्षेत्र में नाले की सफाई के बाद दो दिन से सडक़ पर गंदगी का ढेर पड़ा हुआ है। नाला तो नगर निगम ने साफ करा दिया, लेकिन निकला हुआ कचरा और कीचड़ सडक़ पर ही छोड़ दिया गया। इससे न सिर्फ स्थानीय निवासियों को परेशानी हो रही है, बल्कि दुकानदार भी लगातार बदबू और गंदगी के बीच काम करने को मजबूर हैं। रहवासियों का कहना है कि निगम कर्मचारियों ने दो दिन पहले नाले की सफाई की थी। सफाई के दौरान निकलने वाली मिट्टी, प्लास्टिक और कचरे को सडक़ किनारे छोड़ दिया गया। उसके बाद से लेकर अब तक इसे उठाने कोई वाहन नहीं पहुंचा है। इस वजह से पूरा क्षेत्र बदबू से भर गया है। स्थानीय लोगों ने बताया कि रास्ते का उपयोग करने वाले राहगीरों को भी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। कई बार तो सडक़ पर जमा कीचड़ के कारण फिसलने की नौबत आ जाती है।
अप्सरा टॉकीज़ के आसपास बड़ी संख्या में दुकानें, होटल और छोटे व्यवसायिक प्रतिष्ठान हैं। दुकानदारों का कहना है कि बदबू के कारण ग्राहकों का आना कम हो गया है। “नाले का कचरा धूप में सूखकर और बदबूदार हो रहा है। दो दिन से हम शिकायत कर रहे हैं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई,” एक दुकानदार ने बताया। वहीं स्थानीय महिलाओं ने कहा कि सुबह-शाम निकलना मुश्किल हो गया है। बच्चों को स्कूल ले जाना भी परेशानी भरा कार्य बन गया है, क्योंकि किनारे फैल रही गंदगी से मच्छर और मक्खियां बढ़ रही हैं।
क्षेत्रवासी यह भी कहते हैं कि बारिश या पानी लगने की स्थिति में यही कचरा सडक़ पर फैल जाएगा, जिससे संक्रमण का खतरा और बढ़ जाएगा। नाले के आसपास रहने वालों का कहना है कि निगम सिर्फ सफाई कर फोटो खिंचवाने तक सीमित रहता है, लेकिन व्यवस्थित तरीके से कचरा न उठाया जाए तो सफाई का असली उद्देश्य पूरा नहीं हो पाता।
उधर, शिकायतों के बावजूद नगर निगम का कोई वाहन कचरा उठाने नहीं पहुंचा था। लोगों का आरोप है कि कई बार शिकायतों के बाद भी जिम्मेदार अधिकारी क्षेत्र के निरीक्षण के लिए नहीं आते। दूसरी ओर, स्वास्थ्य अमले की लापरवाही से मच्छरों की संख्या बढऩे लगी है। इससे डेंगू और अन्य संक्रमण के खतरे को लेकर लोग चिंतित हैं। दुकानदारों का कहना है कि निगम ने पहले भी कई बार सफाई के बाद कचरा सडक़ पर छोड़ दिया, लेकिन इस बार स्थिति ज्यादा खराब है।
स्थानीय रहवासियों ने मांग की है कि निगम जल्द से जल्द सफाई अभियान चलाकर सडक़ पर फैला कचरा उठाए। साथ ही, नाले की सफाई के बाद तुरंत कचरा हटाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि ऐसी स्थिति दोबारा न बने। वहीं, क्षेत्रवासी उम्मीद कर रहे हैं कि नगर निगम आवश्यक कदम उठाकर इलाके को जल्द बदबू और गंदगी से राहत दिलाएगा। लगातार बढ़ रही शिकायतों के बीच अब लोगों की नजर निगम की अगली कार्रवाई पर टिकी है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि यदि जल्द सफाई नहीं की गई, तो वे सामूहिक रूप से उच्च अधिकारियों से मुलाकात कर इस समस्या के समाधान की मांग करेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button