चाकू की नोंक पर डिजिटल लूट: ऑटो गैंग ने यात्री का फोन-पे खाली किया, दहशत में खामोश रहा पीड़ित, एसपी से शिकायत के बाद दर्ज हुई एफआईआर

जबलपुर। विजय नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत दीनदयाल बस स्टैंड से शुरू हुई एक सनसनीखेज वारदात में ऑटो चालक ने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर एक यात्री को बंधक बनाकर न सिर्फ मारपीट की, बल्कि उसके खाते से ऑनलाइन 39 हजार 350 रुपये भी निकाल लिए। वारदात के बाद पीड़ित इतना दहशत में था कि उसने तत्काल थाने में शिकायत नहीं की। बाद में पुलिस अधीक्षक से गुहार लगाने पर मामले में एफआईआर दर्ज की गई है।
बस स्टैंड से बैठाया ऑटो, रास्ते में बदली नीयत
पुलिस के मुताबिक अमन यादव पिता कोमल प्रसाद यादव, निवासी उमरिया पनागर ने शिकायत दर्ज कराई कि 15 नवंबर 2025 को वह अपने दोस्तों के साथ वृंदावन जाने के लिए निकला था। कटनी स्टेशन में ट्रेन छूटने के बाद वह बस से जबलपुर के दीनदयाल बस स्टैंड पहुंचा। रात करीब दो बजे दीनदयाल चौराहे पर एक ऑटो चालक से ग्रीन सिटी कठौंदा जाने के लिए 400 रुपये में सौदा तय हुआ।
शराब दुकान ले जाकर शुरू हुई साजिश
ऑटो में चालक सहित तीन युवक सवार थे। वे पीड़ित को आईटीआई होते हुए पाटन बायपास और फिर रानीताल ले गए, जहां शराब दुकान पर जबरन शराब पिलाई गई। आरोपियों ने शराब के लिए मोबाइल से ऑनलाइन 850 रुपये ट्रांजेक्शन कराया और इसके बाद ऑटो किराया भी वसूल लिया।
चाकू दिखाकर डराया, मोबाइल छीना
शराब पिलाने के बाद तीनों आरोपियों ने पीड़ित के साथ मारपीट शुरू कर दी। चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी दी गई और फिर उसका मोबाइल छीन लिया गया। इसके बाद फोन-पे से आठ अलग-अलग ट्रांजेक्शन कर कुल 39,350 रुपये निकाल लिए गए।
उखरी तिराहा पर छोड़कर फरार
लूट के बाद आरोपी पीड़ित को उखरी तिराहा के पास छोड़कर फरार हो गए। वहां से वह पैदल अपने मामा सुभाष यादव के घर ग्रीन सिटी कठौंदा पहुंचा और पूरी घटना बताई। डर के कारण उसने तत्काल पुलिस में शिकायत नहीं की और बाद में घर लौट गया।
एसपी से शिकायत के बाद हरकत में आई पुलिस
कुछ दिन बाद पीड़ित ने अपने भाई रमन यादव को घटना की जानकारी दी। इसके बाद 21 नवंबर 2025 को वह पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचा और लिखित शिकायत की। जांच के बाद विजय नगर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है और उनकी तलाश शुरू कर दी गई है।







