जबलपुर

केंद्रीय जेल में महिला बंदियों के बीच पहुंचा दिगंबर जैन महिला परिषद

महिला बंदियों को दिए ऊनी वस्त्र, बच्चों को भी प्रदान किए खिलौने

JABALPUR. नेताजी सुभाषचंद्र बोस केंद्रीय कारागार जबलपुर में नेताजी सुभाषचंद्र बोस से जुड़ी कई यादें और स्मृतियां सहेजकर रखी गई हैं। जेल प्रबंधन ने नेताजी के बैरक और उनके संग्रहालय को आम लोगों के लिए खोलकर भी रखा है। ताकि वे यहां आकर इतिहास में दर्ज नेताजी की स्मृतियों को देख सकें। इसी क्रम में अखिल भारतवर्षीय दिंगबर जैन महिला परिषद की महिलाएं केंद्रीय जेल पहुंचीं और नेता जी की प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस दौरान महिलाओं ने संग्रहालय में नेताजी के इस्तेमाल में लाई गई वस्तुओं और उनकी बैरक को भी देखा।

महिला बंदियों को दिए ऊनी वस्त्र

अखिल भारतवर्षीय दिगंबर जैन महिला परिषद ने शनिवार को नेताजी सुभाषचंद्र बोस केंद्रीय कारागार के सुभाष वार्ड में पहुंचकर जेल में निरुद्ध महिला बंदियों को ऊनी कपड़े वितरित किए। साथ ही महिला बंदियों के साथ रह रहे छोटे बच्चों को भी खिलौने प्रदान किए। संगठन से यह उपहार पाकर महिला बंदियों के भी चेहरे खिल उठे।

केंद्रीय जेल के जेलर मदन कमलेश ने बताया कि आम लोग इसी प्रकार केंद्रीय जेल पहुंचकर नेताजी सुभाषचंद्र बोस की विरासत को देख सकते हैं। ताकि देश के लिए किए गए उनके कार्यों और बलिदान को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचा सकें।

Related Articles

Back to top button