घने कोहरे से हवाई यातायात अस्त-व्यस्त, IGI एयरपोर्ट पर यात्रियों की बढ़ी मुश्किलें
40 उड़ानों को रद्द करना पड़ा

नई दिल्ली,एजेंसी। दिल्ली-एनसीआर में घने कोहरे ने एक बार फिर जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। देर रात से छाए कोहरे के कारण सड़क यातायात के साथ-साथ हवाई सेवाएं भी बुरी तरह प्रभावित हुईं। इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर दृश्यता बेहद कम होने से उड़ानों का संचालन बाधित रहा।
कोहरे के चलते करीब 220 से अधिक उड़ानें अपने निर्धारित समय से विलंबित रहीं, जबकि लगभग 40 उड़ानों को रद्द करना पड़ा। खराब मौसम के कारण 10 विमानों को जयपुर, अहमदाबाद और लखनऊ जैसे वैकल्पिक हवाई अड्डों पर डायवर्ट किया गया। अलसुबह रनवे पर दृश्यता शून्य से 50 मीटर तक दर्ज की गई, जिससे टेकऑफ और लैंडिंग दोनों प्रभावित हुए।
लगातार उड़ानों में देरी और रद्दीकरण से यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। एयरपोर्ट प्रबंधन द्वारा यात्रियों से उड़ान की स्थिति की जानकारी लेकर ही यात्रा करने की अपील की गई है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले समय में भी कोहरे की स्थिति बनी रह सकती है, जिससे परिचालन पर असर जारी रहने की संभावना है।







