पुरानी रंजिश के चलते भाईयों पर तलवार से जान लेवा हमला -नाबालिग समेत तीन पर हत्या के प्रयास का केस दर्ज

पुरानी रंजिश के चलते भाईयों पर तलवार से जान लेवा हमला
-नाबालिग समेत तीन पर हत्या के प्रयास का केस दर्ज
भोपाल, यशभारत।
कमला नगर थाना क्षेत्र में बीती रात दो भाईयों पर दो युवकों ने अपने नाबालिग साथी के साथ मिलकर तलवार से जान लेवा हमला कर दिया। हमला पुरानी रंजिश को लेकर किया गया था। हमले में घायल दोनों युवक थाना की गुंड लिस्ट में शामिल बदमाश है। हमले के बाद गंभीर रूप से घायल एक युवक को हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं पुलिस ने घायल के भाई की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
टीटी नगर एसीपी अंकिता खातनकर ने बताया कि संजय नगर निवासी राकेश कुशवाहा पुत्र प्रीतम सिंह (36) प्राइवेट काम करता है। राकेश और उसका भाई आकाश कमला नगर थाना के गुंडा लिस्ट बदमाश है। उसके खिलाफ आधा दर्जन से ज्यादा अपराध दर्ज हैं। कल रात करीब ग्यारह बजे राकेश कुशवाहा अपने घर से कुछ दूरी पर स्थित झरनेश्वर मंदिर के पास खड़ा था, तभी वहां पर पहुंचे आकाश झारेवाला अपने साथी और एक विधि विरूद्ध बालक के साथ वहां पर पहुंचा। जहां पर राकेश को देखकर आकश झारेवाला व उसके साथियों ने पुरानी रंजिश को लेकर कहासुनी के दौरान गाली-गलौच शुरू हो गई। इसी बीच आकाश झारेवाला ने अपने दोनों साथियों के साथ मिलकर रमेश कुशवाहा पर तलावार से हमला कर दिया। इस बात का पता चलने पर रमेश को भाई आकाश कुशवाहा उसे बचाने पहुंचा तो आरोपियों ने उस पर भी तलवार से हमला कर दिया। इस हमले में राकेश के सीने और उसके भाई आकाश कुशवाहा के हाथ में चोट आई है। हमला करने के बाद तीनों हमलावर वहां से भाग निकले। जबकि सीने में तलवार लगने के बाद गंभीर रूप से घायल रमेश को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। यहां से उसे हमीदिया रेफर कर दिया गया। पुलिस ने इस मामले में घायल आकाश कुशवाहा की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया है। एसीपी खातनकर ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ भी दो-दो अपराध दर्ज हैं। पुलिस टीम घटना के बाद से ही आरोपियों की तलाश में उनके हर संभावित ठिकाने पर दबिश दे रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।







