बिजली वसूली टीम पर जानलेवा हमला, जूनियर इंजीनियर घायल
Deadly attack on electricity recovery team, junior engineer injured

बिजली वसूली टीम पर जानलेवा हमला, जूनियर इंजीनियर घायल
जबलपुर, यश भारत। पाटन थाना क्षेत्र के ग्राम सकरा में गुरुवार शाम बिजली विभाग की वसूली टीम पर अचानक जानलेवा हमला कर दिया गया। इस घटना में जूनियर इंजीनियर मनोज दुबे के चेहरे पर गंभीर चोट आई है। किसी तरह जान बचाकर बिजली विभाग की टीम गांव से बाहर निकली और पाटन थाना पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई।
जानकारी के अनुसार, बिजली विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर जूनियर इंजीनियर मनोज दुबे अपनी टीम के साथ ओवरलोड बिजली उपयोग और बकाया वसूली के लिए ग्राम सकरा पहुंचे थे। इस दौरान गांव निवासी सौरभ जैन से अधिक बिजली उपयोग को लेकर जुर्माना जमा करने को कहा गया। इसी बात पर सौरभ जैन और उसके साथ मौजूद लोग भड़क गए और गाली-गलौज करते हुए बिजली विभाग की टीम पर हमला कर दिया।
हमले में जूनियर इंजीनियर मनोज दुबे के मुंह और चेहरे पर चोट आई। मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने बीच-बचाव करते हुए जैसे-तैसे उन्हें गांव से बाहर निकाला और पाटन थाना लेकर पहुंचे, जहां पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई गई।
जूनियर इंजीनियर मनोज दुबे ने बताया कि ग्राम सकरा निवासी लालचंद जैन का देहांत हो चुका है। वर्तमान में उनके बेटे और नाती खेत में सिंचाई के लिए बिजली पंप का उपयोग कर रहे थे। जांच में सामने आया कि सौरभ जैन दो हॉर्स पावर का पंप चला रहा था, जबकि उसके नाम पर केवल एक हॉर्स पावर का मीटर स्वीकृत था। अधिक बिजली उपयोग को लेकर पूछताछ करने पर विवाद बढ़ गया और हमला कर दिया गया।
मनोज दुबे के अनुसार, आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी और कहा कि यदि दोबारा बिजली बिल वसूलने गांव में आए तो जान से मार देंगे। जूनियर इंजीनियर की शिकायत पर पाटन थाना पुलिस ने शासकीय कार्य में बाधा डालने और मारपीट की धाराओं में मामला दर्ज कर सौरभ जैन और उसके पिता की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।







