नाले में मिला युवक का शव, मौत के कारणों पर सस्पेंस

जबलपुर, पनागर के गुरु नानक वार्ड में आज सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक युवक का शव कीचड़ से सना हुआ नाले में मिला। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने तुरंत पहुंचकर शव को नाले से बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
देर रात से लापता था युवक
पनागर थाना प्रभारी विपिन तांब्रकार ने बताया कि मृतक की पहचान अमित सोलंकी के रूप में हुई है, जो गुरु नानक वार्ड का निवासी था। अमित बीती रात अपने घर से घूमने निकला था, लेकिन रात भर वापस नहीं लौटा। परिजनों को उसकी चिंता सता रही थी।आज सुबह, स्टेट बैंक के सामने पशु चिकित्सालय के पास स्थित नाले में कुछ लोगों ने एक युवक का शव पड़ा देखा। यह खबर आग की तरह फैल गई और देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए।
कीचड़ से सना शव, चोट के निशान नहीं
सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुँची और शव को नाले से बाहर निकाला। मृतक का शव पूरी तरह से कीचड़ से सना हुआ था। पुलिस ने बताया कि अमित के शरीर पर किसी तरह के चोट के निशान नहीं पाए गए हैं, जिससे मामला और भी उलझ गया है।अमित के परिजनों को भी घटना की सूचना मिली और वे तुरंत मौके पर पहुँचे, जहाँ उन्होंने शव की शिनाख्त अमित के रूप में की। पुलिस की प्रारंभिक आशंका है कि अमित संभवतः शौच आदि के लिए नाले के पास गया होगा और पैर फिसलने से नाले में गिर गया होगा। नाले में अधिक कीचड़ होने के कारण वह उसमें धंस गया होगा, जिससे उसकी मौत हो गई।हालांकि, थाना प्रभारी का कहना है कि मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा। पुलिस फिलहाल मामले की हर एंगल से जांच कर रही है ताकि सच्चाई सामने आ सके।







