गुंडा लिस्ट से हटाए गए मुर्दे और सुधरे लोग, 86 नए अपराधी रडार पर

गुंडा लिस्ट से हटाए गए मुर्दे और सुधरे लोग, 86 नए अपराधी रडार पर
45 दिन चले अभियान में पुलिस ने की रिकॉर्ड की समीक्षा, 21 बदमाशों को जिला बदर करने का प्रस्ताव भेजा
भोपाल,यशभारत। राजधानी पुलिस के जोन-4 ने अपराध नियंत्रण की दिशा में एक बड़ी कवायद करते हुए अपनी गुंडा और निगरानी सूचियों को पूरी तरह से ‘अपडेट’ कर दिया है। पिछले 45 दिनों (1 नवंबर से) से चल रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस ने न केवल नए अपराधियों पर शिकंजा कसा है, बल्कि उन नामों को भी लिस्ट से हटाया है जो अब इस दुनिया में नहीं हैं या जिन्होंने जुर्म का रास्ता छोड़ दिया है।
मुर्दों के नाम भी थे लिस्ट में
पुलिस उपायुक्त जोन-4 कार्यालय द्वारा की गई समीक्षा में चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। लिस्ट में ऐसे कई बदमाशों के नाम थे जिनकी मौत 3 साल पहले हो चुकी थी। अभियान के दौरान ऐसे 15 मृतकों (13 गुंडा लिस्ट, 2 निगरानी लिस्ट) के नाम काटे गए। इसके अलावा, गंभीर बीमारी, दिव्यांगता और पिछले 10 से 20 सालों से अपराध से दूर रहने वाले 15 अन्य लोगों को भी राहत देते हुए लिस्ट से बाहर किया गया।
80 नए गुंडे अब पुलिस की हिट लिस्ट में
एक तरफ जहां सुधरे हुए लोगों को राहत दी गई, वहीं सक्रिय अपराधियों पर सख्ती बढ़ाई गई है। पुलिस ने क्षेत्र में सक्रिय 80 नए बदमाशों को गुंडा लिस्ट और 06 को निगरानी लिस्ट में शामिल किया है। साथ ही, 21 आदतन अपराधियों के खिलाफ जिला बदर की कार्रवाई के लिए पुलिस कमिश्नर को प्रस्ताव भेजा गया है।
जनवरी में चलेगा दूसरा चरण
पुलिस उपायुक्त मयूर खण्डेलवाल ने बताया कि जिन लोगों को लिस्ट से हटाया गया है, उन्हें डीसीपी ऑफिस बुलाकर भविष्य में भी अच्छा आचरण रखने की समझाइश दी गई। अभियान का दूसरा चरण 15 जनवरी 2026 से शुरू होगा, जिसमें उन अपराधियों को लिस्ट में जोड़ा जाएगा जो अभी भी अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहे हैं।






