क्राइम ब्रांच ने तस्करों से जब्त किया 15 किलो गांजा, गढ़ा पुलिस ने शुरू की जांच

जबलपुर। जिले में मादक पदार्थों की तस्करी पर शिकंजा कसते हुए क्राइम ब्रांच ने बड़ी कार्रवाई की है। क्राइम ब्रांच टीम ने तीन तस्करों से करीब 15 किलो गांजा जब्त किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 3 लाख रुपये बताई जा रही है। मामले में गढ़ा पुलिस द्वारा एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।पुलिस अधीक्षक श्री सम्पत उपाध्याय (भा.पु.से.) के निर्देश पर जिले में अवैध शराब, गांजा सहित अन्य नशीले पदार्थों की तस्करी करने वालों को चिन्हित कर सख्त कार्रवाई के आदेश दिए गए थे।
महिला सहित तीन तस्कर गिरफ्तार
क्राइम ब्रांच की टीम ने कार्रवाई करते हुए एक महिला सहित तीन तस्करों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से अलग-अलग पैकेटों में रखा गया कुल 15 किलो सूखा गांजा बरामद किया गया। पूछताछ के बाद सभी आरोपियों को गढ़ा थाना पुलिस के सुपुर्द किया गया।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
गढ़ा पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा कहां से लाया गया था, इसे कहां सप्लाई किया जाना था और इसके पीछे कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।







