क्राइम ब्रांच ने 5 साल से फरार महिला वारंटी और ड्रग तस्कर को किया गिरफ्तार

क्राइम ब्रांच ने 5 साल से फरार महिला वारंटी और ड्रग तस्कर को किया गिरफ्तार
भोपाल, यशभारत।राजधानी में अपराधियों और नशे के सौदागरों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में क्राइम ब्रांच भोपाल को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने पिछले 5 वर्षों से फरार चल रही एक स्थायी वारंटी महिला और उसके साथी को करीब 6 ग्राम एमडी (MD) ड्रग्स के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद किए गए मादक पदार्थ और अन्य सामान की कुल कीमत लगभग 1.80 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि झरनेश्वर मंदिर के पास भीम नगर में एक युवक और महिला स्कूटी के साथ खड़े हैं और ग्राहकों को ड्रग्स सप्लाई करने की फिराक में हैं। सूचना की तस्दीक होते ही क्राइम ब्रांच की टीम ने मौके पर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर आरोपियों ने भागने की कोशिश की, लेकिन उन्हें धर दबोचा गया।
स्कूटी की डिग्गी में मिला नशा
तलाशी के दौरान स्कूटी की डिग्गी से एक पारदर्शी पन्नी में क्रिस्टलनुमा ब्राउन रंग का पदार्थ मिला। पूछताछ में आरोपियों ने इसे एमडी (MD) ड्रग होना स्वीकार किया। इलेक्ट्रॉनिक कांटे से तौलने पर ड्रग का वजन 5.91 ग्राम पाया गया। पुलिस ने ड्रग्स के साथ दो मोबाइल फोन और स्कूटी को भी जप्त कर लिया है।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी निधि ठाकुर (35 वर्ष): अयोध्या नगर निवासी निधि पिछले 5 साल से अनैतिक देह व्यापार के एक संगीन मामले में वांछित थी। वह अपनी पहचान छिपाकर लगातार ठिकाने बदल रही थी। उसके खिलाफ अशोका गार्डन थाने में भी गंभीर धाराओं में मामला दर्ज है। वही उजेर उर्फ माहिर खान (21 वर्ष): जहांगीराबाद निवासी यह युवक एसी सुधारने का काम करता है और ड्रग तस्करी में संलिप्त पाया गया है।
आरोपियों के खिलाफ 8/22, 29 NDPS Act के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि यह ड्रग्स कहाँ से लाया गया था और शहर में इनके नेटवर्क से और कौन-कौन जुड़ा है।







