आईएसबीटी बस स्टैंड पर पटाखों के अवैध परिवहन को लेकर विवाद गहराया

आईएसबीटी बस स्टैंड पर पटाखों के अवैध परिवहन को लेकर विवाद गहराया
भोपाल, यश भारत । लालघाटी स्थित आईएसबीटी बस स्टैंड पर पटाखों के अवैध परिवहन को लेकर विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है। इस बीच बस संचालकों और पटाखा व्यापारियों के बीच हुई तीखी बहस का एक वीडियो सामने आने के बाद मामला और गरमा गया है। बताया जा रहा है कि यह वीडियो आईएसबीटी परिसर का ही है, जिसमें दोनों पक्षों के बीच बहस साफ तौर पर सुनी जा सकती है।
वीडियो में बस स्टाफ और आरके पटाखा व कालू पटाखा से जुड़े लोगों के बीच तीखी नोकझोंक होती दिखाई दे रही है। बस कर्मी स्पष्ट रूप से कहते नजर आते हैं कि पहले भी बसों में पटाखे ले जाने से मना किया गया था, इसके बावजूद बार-बार इस तरह की कोशिशें की जा रही हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि दोबारा ऐसा किया गया तो सीधे थाने में शिकायत दर्ज कराई जाएगी।
बस संचालकों का आरोप है कि पटाखों को लगेज के रूप में छुपाकर बुक कराया जाता है, जिससे सुरक्षा को गंभीर खतरा पैदा हो सकता है। उनका कहना है कि कई बार पार्सल पर संदेह होने पर जांच की गई, जिसमें केवल पटाखे ही पाए गए। ऐसे मामलों में तुरंत कार्रवाई करते हुए सामान बस से उतारकर वापस कर दिया गया।
बस ऑपरेटरों के अनुसार यह सिलसिला लंबे समय से जारी है और बार-बार मना करने के बावजूद इसमें सुधार नहीं हो रहा है। उन्होंने इस तरह के अवैध परिवहन पर सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।







