शीत लहर का टॉर्चर: मंदसौर में पारा 2.5 डिग्री, एमपी के 15 जिलों में कोहरे का यलो अलर्ट

शीत लहर का टॉर्चर: मंदसौर में पारा 2.5 डिग्री, एमपी के 15 जिलों में कोहरे का यलो अलर्ट
पहाड़ों से आ रही बर्फीली हवाओं ने थामी प्रदेश की रफ्तार; ट्रेनें लेट, शीतलहर की चेतावनी जारी
भोपाल, यशभारत। मध्य प्रदेश में कड़ाके की ठंड ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। उत्तर भारत से आ रही बर्फीली हवाओं और ऊपरी वायुमंडल में सक्रिय जेट स्ट्रीम के कारण पूरा प्रदेश ठिठुर रहा है। शनिवार को मंदसौर प्रदेश का सबसे ठंडा इलाका रहा, जहां न्यूनतम तापमान 2.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों के लिए शहडोल, अनूपपुर, उमरिया और कटनी समेत 5 जिलों में ‘शीतलहर’ का अलर्ट जारी किया है।
कोहरे ने थामी रफ्तार, 200 मीटर रही दृश्यता शनिवार सुबह प्रदेश के 15 से अधिक जिलों में घना कोहरा छाया रहा। राजगढ़ में दृश्यता घटकर महज 50 से 200 मीटर रह गई, वहीं भोपाल और ग्वालियर में यह 1 किलोमीटर तक सिमटी रही। खराब दृश्यता का सीधा असर रेल यातायात पर पड़ा है। दिल्ली से आने वाली मालवा एक्सप्रेस, झेलम, सचखंड और पंजाब मेल समेत एक दर्जन से ज्यादा ट्रेनें अपने निर्धारित समय से 3 से 6 घंटे की देरी से चल रही हैं।
प्रमुख शहरों का हाल (न्यूनतम तापमान डिग्री सेल्सियस में)
मंदसौर: 2.5
कटनी: 2.7
शाजापुर: 3.3
पचमढ़ी: 3.8
ग्वालियर: 5.9
भोपाल: 6.0
इंदौर: 6.2
अस्पतालों में बढ़ी मरीजों की भीड़ ठंड के तीखे तेवरों ने स्वास्थ्य पर भी असर डालना शुरू कर दिया है। अल सुबह और देर रात पारा गिरने से अस्पतालों में सर्दी-जुकाम, वायरल फीवर और सांस के मरीजों की संख्या में 20 से 30 फीसदी का इजाफा हुआ है। डॉक्टरों ने बच्चों और बुजुर्गों को सुबह की ठंड से बचने की सलाह दी है।
19 जनवरी से बदल सकता है मिजाज मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, वर्तमान स्थिति अगले दो-तीन दिनों तक बनी रहेगी। हालांकि, 19 जनवरी को एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है। इसके प्रभाव से हवाओं का रुख बदलेगा, बादल छाएंगे और कुछ क्षेत्रों में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है, जिससे न्यूनतम तापमान में हल्की बढ़त होने की उम्मीद है।







