सीआईएसएफ एएसजी अंतर-एजेंसी वॉलीबॉल टूर्नामेंट का आयोजन
यश भारत व स्टेमफील्ड इंटरनेशनल स्कूल का रहा विशेष सहयोग

जबलपुर, यशभारत। सीआईएसएफ यूनिट एएसजी जबलपुर द्वारा अंतर-एजेंसी समन्वय, आपसी सहयोग और खेल भावना को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से अंतर-एजेंसी वॉलीबॉल टूर्नामेंट 2026 का सफल आयोजन किया गया। इस आयोजन में यश भारत जबलपुर एवं स्टेमफील्ड इंटरनेशनल स्कूल, जबलपुर ने सहयोगी संस्था के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
टूर्नामेंट में केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ), रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ), मध्य प्रदेश पुलिस विशेष सशस्त्र बल (एसएएफ) तथा भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) जबलपुर की टीमों ने भाग लिया। सभी मुकाबले उत्साह, अनुशासन और उच्च स्तरीय प्रतिस्पर्धा के साथ खेले गए। खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल कौशल के साथ-साथ टीम भावना और आपसी तालमेल का भी प्रभावशाली प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जबलपुर आयुष गुप्ता की उपस्थिति से आयोजन की गरिमा बढ़ी। इस अवसर पर विमानपत्तन निदेशक जबलपुर एयरपोर्ट राजीव रतन पाण्डेय, सहायक कमांडेंट/कासो सीआईएसएफ इकाई एएसजी जबलपुर रामेन्द्र सिंह, यश भारत के संस्थापक आशीष शुक्ला तथा स्टेमफील्ड इंटरनेशनल स्कूल के निदेशक पर्व जायसवाल सहित आरपीएफ, एएआई और सीआईएसएफ के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
समापन अवसर पर विजेता टीम को ट्रॉफी एवं मेडल प्रदान किए गए। अतिथियों ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के अंतर-एजेंसी खेल आयोजन विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के बीच आपसी समन्वय, सौहार्द और सहयोग को मजबूत करते हैं।

अंत में सहायक कमांडेंट रामेन्द्र सिंह ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों और सहयोगी संस्थाओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से संयुक्त कार्य संस्कृति को बढ़ावा मिलता है और सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिलती है।







