भोपालमध्य प्रदेश

पुलिस की पाठशाला में बच्चों ने सीखे आत्मरक्षा के गुर, नाटकों से दिया सामाजिक संदेश

पुलिस की पाठशाला में बच्चों ने सीखे आत्मरक्षा के गुर, नाटकों से दिया सामाजिक संदेश
​सृजन कार्यक्रम का भव्य समापन: डीआईजी विनीत कपूर ने थपथपाई बच्चों की पीठ, 90 किशोर-किशोरियों को मिला प्रशिक्षण

​भोपाल, यशभारत। राजधानी के अयोध्या नगर क्षेत्र में किशोर-किशोरियों के सर्वांगीण विकास के लिए संचालित 18 दिवसीय सृजन कार्यक्रम का बुधवार को भव्य समापन हुआ। 25 दिसंबर से शुरू हुए इस विशेष शिविर में बच्चों को आत्मरक्षा नेतृत्व क्षमता और कानूनी जानकारी देकर सशक्त बनाया गया। समापन समारोह में बच्चों के हुनर को देखकर पुलिस अधिकारी भी दंग रह गए।

मंच पर जीवंत हुए सामाजिक मुद्दे
समापन समारोह के दौरान बच्चों ने कराटे का प्रदर्शन कर अपनी शारीरिक दक्षता दिखाई। वहीं पावर वॉक के माध्यम से आत्मविश्वास का परिचय दिया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण बच्चों द्वारा मंचित नाटक रहे, जिसमें उन्होंने बाल विवाह की कुप्रथा और वर्तमान समय में सोशल मीडिया के बढ़ते नकारात्मक प्रभावों को बेहद मार्मिक ढंग से प्रस्तुत किया।

​अधिकारियों ने कहा- सुरक्षित भविष्य की नींव है सृजन
मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित डीआईजी विनीत कपूर ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से न केवल बच्चों का डर खत्म होता है, बल्कि वे समाज के जिम्मेदार नागरिक बनते हैं। किसी भी समस्या के त्वरित समाधान के लिए पुलिस सदैव उनके साथ है। कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमृत मीणा, एसीपी मंजुलता खत्री, महिला थाना से आशीष श्रीनिवास और मेंटर प्रफुल्ल भी मौजूद रहे।

इनके सहयोग से मिली सफलता
यह आयोजन अयोध्या नगर थाना, मीत संस्था, लोक उत्थान संस्था और काकड़ा ग्रुप के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ। काकड़ा ग्रुप की ओर से कुंजन व मेघा मैडम ने बच्चों का मार्गदर्शन किया। 18 दिनों तक चले इस प्रशिक्षण में कुल 90 बच्चों ने हिस्सा लिया, जिनमें 56 लड़कियां और 34 लड़के शामिल थे। अंत में अयोध्या नगर थाना स्टाफ और सहयोगी संस्थाओं का आभार व्यक्त किया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button