छिंदवाड़ा में बच्चों में सर्दी जुकाम और अचानक किडनी फेल,3 की मौत
इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च की टीम करेगी जांच

छिंदवाड़ा,यशभारत। छिंदवाड़ा के परासिया विकासखंड में एक अजीब बीमारी से हड़कंप मचा हुआ है. जहां पर हल्का बुखार और जुकाम के बाद बच्चों को किडनी इन्फेक्शन हो रहा है. अब तक 3 बच्चों की मौत हो चुकी है.छिंदवाड़ा में बीते 15 दिन में किडनी फेल होने से तीन बच्चों की मौत हो गई। 9 का इलाज अलग-अलग अस्पतालों में चल रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन ने ICMR (इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च) की टीम को जांच के लिए बुलाया है।
बुखार और जुकाम के बाद हो रही किडनी खराब
परासिया विकासखंड में एक स्वास्थ्य समस्या ने लोगों की नींद उड़ा दी है. बच्चों को हल्का बुखार और जुकाम होने के बाद अचानक किडनी इन्फेक्शन की समस्या रही है. अब तक करीब 9 बच्चों को यह समस्या हुई है. जिसमें से 15 दिन के अंदर 3 बच्चों की नागपुर में इलाज के दौरान मौत हो चुकी है. जिन बच्चों की जान गई है, उनमें एक 5 साल 8 महीने का बच्चा, दूसरा परासिया विकासखंड का 4 साल का बच्चा और तीसरा उमरेठ गांव की 18 महीने की बच्ची है.
बच्चों के परिजनों का कहना है कि बच्चों को हल्का बुखार और जुकाम की शिकायत के चलते निजी अस्पतालों में चेकअप कराया. वहां पर इलाज हुआ और उसके बाद अचानक यूरिन (पेशाब) की समस्या होने लगी. जिसके बाद उन्हें नागपुर रेफर किया गया. जहां पता चला कि बच्चों की किडनी में इंफेक्शन हो गया है.
आईसीएमआर की टीम लगाएगी बीमारी का पता
कलेक्टर शीलेंद्र सिंह का कहना है कि “अचानक किडनी इन्फेक्शन से बच्चों की मौत चिंता का विषय है. इसके लिए जिला प्रशासन ने आईसीएमआर (इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च) से संपर्क किया है. आईसीएमआर की टीम दिल्ली से पहुंचेगी और उन इलाकों में रिसर्च कर पता लगाएगी कि आखिर किन कारणों से बच्चों की मौत हुई है. पता लगने के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, अगर निजी अस्पतालों की जिम्मेदारी बनती है, तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी.”
3 मासूमों की हुई मौत, हजारों बच्चों की जांच
परासिया सिविल अस्पताल के ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर अंकित सहलाम ने बताया कि “सर्दी जुकाम और बुखार की शिकायत के बाद कुछ बच्चों का निजी अस्पताल में इलाज कराया गया था. जहां अचानक किडनी में समस्या आने लगी. बच्चों को छिंदवाड़ा और नागपुर रेफर किया गया तो पता चला कि किडनी में इंफेक्शन हो गया है. जिसमें से 3 बच्चों की मौत हुई है. कुछ बच्चों का का इलाज जारी है.






