जबलपुरमध्य प्रदेश

फ्रोजन मटर के पैकेट में रेंगती मिलीं ईल्लियां, खुली खाद्य सुरक्षा की पोल!

कार्रवाई की मांग

जबलपुर, यशभारत। शहर में पैक्ड खाद्य सामग्री की गुणवत्ता पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। गोरखपुर क्षेत्र निवासी पंडित महेश शुक्ला ने गोरखपुर सब्जी मंडी स्थित नरेंद्र डेयरी से सब्जी बनाने के लिए श्री पर्व कंपनी का फ्रोजन मटर का पैकेट खरीदा था, लेकिन घर पहुंचकर जैसे ही उन्होंने पैकेट खोला, उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। पैकेट के भीतर मटर के साथ जिंदा ईल्लियां बिलबिलाती हुई दिखाई दीं।

हैरानी की बात यह है कि पैकेट पर जून 2026 की पैकिंग डेट और जून 2027 की एक्सपायरी डेट अंकित है, यानी उत्पाद अभी पूरी तरह वैध अवधि में है। इसके बावजूद पैकेट के अंदर की स्थिति ने कंपनी की गुणवत्ता और खाद्य सुरक्षा मानकों की पोल खोल दी है।

पीड़ित महेश शुक्ला का आरोप है कि जब उन्होंने इस मामले की शिकायत नरेंद्र डेयरी के संचालक से की तो उन्होंने जिम्मेदारी लेने से साफ इनकार कर दिया और यह कहकर पल्ला झाड़ लिया कि पैकेट कंपनी द्वारा सीलबंद किया गया है, इसलिए इसकी जिम्मेदारी कंपनी की है।

घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में भी नाराजगी है। उनका कहना है कि बाजार में बिक रही पैक्ड खाद्य सामग्री की नियमित जांच नहीं होने से उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। यदि इस तरह की दूषित सामग्री किसी बच्चे या बुजुर्ग के सेवन में आ जाती तो गंभीर परिणाम सामने आ सकते थे।
पीड़ित उपभोक्ता ने जिला प्रशासन और खाद्य एवं औषधि विभाग से मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। साथ ही ऐसी कंपनियों और दुकानदारों के खिलाफ अभियान चलाकर नमूनों की जांच कराने की भी मांग उठाई है, ताकि लोगों की थाली में जहर परोसने वालों पर शिकंजा कसा जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button