BU रैगिंग कांड: आधा दर्जन छात्र निलंबित, हॉस्टल में गांजे की गंध मिलने पर मैनेजमेंट को फटकार

BU रैगिंग कांड: आधा दर्जन छात्र निलंबित, हॉस्टल में गांजे की गंध मिलने पर मैनेजमेंट को फटकार
भोपाल, यशभारत। बरकतउल्लाह विश्वविद्यालय (BU) में अनुशासनहीनता और रैगिंग के खिलाफ प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। विश्वविद्यालय के जवाहर हॉस्टल में जूनियर छात्र के साथ रैगिंग के मामले में दोषी पाए जाने पर 6 सीनियर छात्रों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। इन छात्रों पर 6 महीने तक क्लास और हॉस्टल में प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया है।
शिकायत के बाद हरकत में आई एंटी-रैगिंग कमेटी
मामला तब सामने आया जब जवाहर हॉस्टल में रहने वाले प्रथम वर्ष के एक छात्र ने एंटी-रैगिंग हेल्पलाइन पर सीनियर छात्रों के खिलाफ प्रताड़ना की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत की गंभीरता को देखते हुए विश्वविद्यालय की एंटी-रैगिंग कमेटी तुरंत जांच के लिए हॉस्टल परिसर पहुंची।
कमेटी के सदस्य जब जांच के लिए हॉस्टल परिसर के अंदर पहुंचे, तो वहां का माहौल देखकर दंग रह गए। परिसर में गांजे की तेज गंध आ रही थी, जिससे यह स्पष्ट हो गया कि हॉस्टल में न केवल रैगिंग हो रही थी, बल्कि नशीले पदार्थों का सेवन भी धड़ल्ले से जारी था। इस लापरवाही पर कमेटी ने हॉस्टल के जिम्मेदारों और वार्डन को जमकर फटकार लगाई।
दिखे तो होगी सीधे कानूनी कार्रवाई
प्रशासन ने सख्त निर्देश जारी किए हैं कि सस्पेंशन की अवधि (6 माह) के दौरान यदि ये छात्र क्लास या हॉस्टल के आसपास भी दिखाई देते हैं, तो उनके खिलाफ पुलिस में मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। विश्वविद्यालय प्रबंधन का कहना है कि कैंपस में अनुशासन से खिलवाड़ और नशे की प्रवृत्ति को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।






